नयी दिल्ली, 07 अक्टूबर (वार्ता) लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर देश के प्रधान सेवक तक प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की यात्रा राष्ट्र के प्रति उनके अटूट समर्पण और सुशासन की प्रेरक गाथा है।
श्री बिरला ने बुधवार को सोशल मीडिया एक्स पर कहा “राष्ट्र प्रथम और जनकल्याण के संकल्प के साथ सार्वजनिक जीवन में सरकार के प्रमुख के रूप में 25 वर्ष पूर्ण करने पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी का हार्दिक अभिनंदन।”
उन्होंने कहा, “गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में सुशासन की नई मिसाल स्थापित करने से लेकर देश के प्रधान सेवक के रूप में भारत को नई दिशा और नई गति देने तक की आपकी यात्रा राष्ट्र के प्रति अटूट समर्पण की प्रेरक गाथा है। गुजरात में वर्ष 2010 की ‘संविधान गौरव यात्रा’ हो या 2015 से राष्ट्रीय स्तर पर ‘संविधान दिवस’ के आयोजन की पहल, संविधान एवं संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा के साथ संसद में लोकतांत्रिक संवाद व सहमति को प्रोत्साहन देने पर आपका निरंतर जोर रहा है।”
लोकसभा अध्यक्ष ने कहा, “इन 25 वर्षों में अंत्योदय से आत्मनिर्भरता तक, गरीब कल्याण से सशक्त भारत तक और विकास से विरासत के संरक्षण तक अनेक ऐसे कार्य हुए, जिन्होंने देश के प्रगति की नई आधारभूमि तैयार की है। आपके नेतृत्व में भारत ने विश्व पटल पर अपने सामर्थ्य, स्वाभिमान और संकल्प का प्रभावी परिचय दिया है। आज ‘विकसित भारत’ का संकल्प देश के करोड़ों नागरिकों की आकांक्षाओं का संकल्प बन चुका है। आपके नेतृत्व से देश की अपेक्षाएं आसमान छू रही हैं। श्री बिरला ने कहा , “मैं ईश्वर से आपके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं निरंतर सक्रिय जीवन की मंगलकामना करता हूँ। राष्ट्रसेवा के इस पावन पथ पर आपका मार्गदर्शन देश को निरंतर मिलता रहे।”

