
जबलपुर। निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार शहर की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं। इसी कड़ी में उन्होंने निगम के वरिष्ठ अधिकारियों, कंसल्टेंट और ठेकेदारों की एक 6 घंटे लंबी मैराथन समीक्षा बैठक ली। इस बैठक में 9 प्रमुख विभागों के कार्यों की बारीकी से समीक्षा की गई और निर्देशित किया गया कि विकास कार्यों में ढिलाई या गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने स्थापना, पेंशन, स्वास्थ्य, विद्युत, जल, उद्यान, लोककर्म, योजना, शासकीय योजना विभाग के कार्यो की बारी-बारी से जानकारी ली और सभी संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी अधिकारी अपने अपने विभाग से संबंधित प्रस्तावित एवं प्रचलित कार्यों को गंभीरता के साथ उच्चगुणवत्ता और समय सीमा में पूर्ण कराएं। कार्यो में लापरवाही करने वाले अधिकारियों कर्मचारियों तथा ठेकेदारों के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई की जायेगी। इस दौरान निगमायुक्त ने अमृत फेस 1 एवं 2 के कार्यो की समीक्षा कर तेजगति से काम करने के निर्देश दिये।
अब फील्ड पर उतरेंगे बड़े अधिकारी
समीक्षा बैठक के दौरान निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने निर्देशित किया कि आगामी स्वच्छता सर्वेक्षण को लेकर सभी नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारियों को प्रात:काल वार्डो का भ्रमण करने और जमीनी धरातल पर स्थाई रूप से कार्य कराने के निर्देश दिये। उन्होंने सभी अपर आयुक्त, उपायुक्त और सहायक आयुक्तों को अपने-अपने प्रभार वाले क्षेत्रों और वार्डों का नियमित भ्रमण करने के भी निर्देश दिए। बैठक में लंबे समय से लंबित चंडालभाटा के प्रकरणों पर भी विशेष चर्चा हुई।
