आलीराजपुर को सौगात: कपिलधारा कुओं का विस्तार, नई सड़कों, बिजली ग्रीड और किसानों के लिए 45 करोड़ की सहायता

आलीराजपुर। जनजातीय गौरव दिवस के राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आलीराजपुर जिले को विकास की कई सौगातें देते हुए मंत्री नागरसिंह चौहान की सभी मांगों को मंजूरी दे दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि नागरसिंह चौहान द्वारा रखी गई हर मांग जनहित से जुड़ी है और सरकार आदिवासी अंचल की जरूरतों को प्राथमिकता से पूरा करेगी।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने भगवान बिरसा मुंडा और क्रांतिकारी छीतु किराड़ की प्रतिमाओं का अनावरण किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि आलीराजपुर वीरभूमि है, जिसने देश को छीतु किराड़ और अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद जैसे महान योद्धा दिए हैं।

जिले के विकास के लिए मुख्यमंत्री ने कपिलधारा कुओं की संख्या पंचायतवार 5 से बढ़ाकर 20 करने और भविष्य में इसे 30 तक बढ़ाने की घोषणा की। बिजली आपूर्ति को मजबूत करने के लिए जोबट के जवानीया (झिरण) में 33 केवी ग्रीड, आजाद नगर में 132 केवी ग्रीड और कट्ठीवाड़ा के आम्बाडबेरी में 33 केवी ग्रीड स्वीकृत किए गए।

किसानों को बड़ी राहत देते हुए मुख्यमंत्री ने सोयाबीन और उड़द की बीमारी से प्रभावित फसलों के लिए 45 करोड़ रुपये के मुआवजे की घोषणा की। इसके साथ ही जिले के विभिन्न क्षेत्रों में कुल 11 प्रमुख सड़कों के निर्माण और विस्तार को स्वीकृति दी गई, जिनमें उन्हाला मेन रोड, बिलझरी–वावी सीमा, पिपल्यावाट–डेडकुंडा–घोरट, चिखली–आमला, वालपुर–तिखोला, बयडिया–चौखलापानी, अकलघरा–मुंडला, छोटी हथवी–तडवी फलिया, अकलवा–आम्बा, चिखलकुई–धनपुर और घोंघसा–लखनकोट मार्ग शामिल हैं।

मंत्री नागरसिंह चौहान द्वारा सौंपे गए मांगपत्र के अनुसार मुख्यमंत्री ने आंगनवाड़ी और विद्यालयों के जर्जर भवनों के नए निर्माण, जिला मुख्यालय पर कन्या हाई सेकेंडरी स्कूल के लिए बहुमंजिला भवन, बालिका खेल परिसर तथा कई पंचायतों में पुलिया और निर्माण कार्यों को भी मंजूरी प्रदान की।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनियों का निरीक्षण किया और कहा कि सरकार आदिवासी क्षेत्रों में स्वास्थ्य, पोषण, कृषि और स्थानीय उत्पादों के संवर्धन के लिए लगातार कार्य कर रही है। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर, सांसद अनीता चौहान, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

Next Post

मित्रता हो तो कृष्ण सुदामा जैसी : सतीश महाराज

Sat Nov 15 , 2025
ग्वालियर। कंपू महावीर भवन में चल रही श्रीमद् भागवत कथा के सातवें और अंतिम दिन प्रसिद्ध भागवताचार्य सतीश महाराज ने कहा कि सातवें दिन की भागवत कथा सुनने से पूरे सप्ताह की कथा का फल प्राप्त होता है। यह कथा जीवन को पवित्र और सन्मार्ग पर चलने में सहायक होती […]

You May Like