
भोपाल। जनजाति गौरव दिवस एवं धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती वर्ष के अवसर पर आज गायत्री शक्तिपीठ, एलआईसी ऑफिस के सामने, नर्मदापुरम रोड, एमपी नगर, जोन-1 में संपन्न हुआ, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु, सामाजिक कार्यकर्ता व जनजातीय समाज के लोग उपस्थित हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर माल्यार्पण और श्रद्धासुमन अर्पित कर हुई। वक्ताओं ने बिरसा मुंडा के अदम्य साहस, स्वाभिमान और आदिवासी अधिकारों के लिए उनके संघर्ष को याद किया। उन्होंने कहा कि बिरसा मुंडा ने जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दी और भारतीय स्वतंत्रता संग्राम में अमर योगदान दिया।
स्थल पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ, भजन व सामूहिक प्रार्थना भी आयोजित की गईं। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में जनजातीय संस्कृति, परंपराओं और उनके गौरवशाली इतिहास के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
