
भोपाल। डिप्टी सीएम राजेन्द्र शुक्ला के पीए सुधीर दुबे का मोबाइल छीन कर भागने वाले आरोपी पुलिस के हत्थे चढ गए. बाइक सवार लुटेरों को पुलिस ने देर रात गिरफ्तार करते हुए छीना गया मोबाइल भी जब्त कर लिया. दुबे के साथ यह घटना तब हुई जब वह बुधवार देर शाम को जेपी अस्पताल के पास थे. यहां पर संचालित एक मेडिकल स्टोर के सामने मंत्री के पीए के साथ यह हादसा हुआ.
मिली जानकारी के अनुसार घटना के बाद से टीटी नगर थाना पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की. इस दौरान घटना स्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज निकाली गई. आरोपी जिस गाड़ी से जा रहे थे उसका नंबर भी ट्रैस किया गया. आरोपी जिन रास्तों से हो कर गुजर पुलिस को उनकी लगातार लोकेशन मिलती रही. देर रात को आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया.
