
झाबुआ। भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने जेल बगीचा स्थित हनुमान मंदिर परिसर में मालवा प्रांत स्तरीय जनजातीय छात्र पंचायत का आयोजन किया। सांसद गजेन्द्रसिंह पटेल ने कहा कि जनजातीय समाज प्राचीनकाल से सनातनी रहा है, जिसकी संस्कृति और परंपराएं पूरे देश के लिए प्रेरणास्रोत हैं। कार्यक्रम में 18 जिलों से आए 120 चयनित विद्यार्थियों ने खाट पर बैठकर संवाद किया। आयोजन स्थल को पिथोरा आर्ट से सजाया गया और जनजातीय संस्कृति की प्रदर्शनी लगाई गई। विभिन्न सत्रों में वक्ताओं ने समाज की परंपराओं, धर्मांतरण की चुनौतियों, योजनाओं और छात्राओं की समस्याओं पर चर्चा की। समापन पर समाज के विकास के लिए युवाओं की भूमिका पर बल दिया गया। पूरा आयोजन अनुशासित और गरिमामय रहा।
