औद्योगिक क्लस्टर और निवेश प्रस्तावों पर सहमति, निवेशकों से मुख्यमंत्री की वन टू वन मुलाकात

इंदौर. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश अब तकनीकी नवाचार, रक्षा उत्पादन और मैन्युफैक्चरिंग में भारत का नया केंद्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है. इंदौर में आयोजित ‘एमपी टेक ग्रोथ कॉन्क्लेव 2.0’ के दौरान उन्होंने देश-विदेश की प्रमुख कंपनियों के प्रतिनिधियों से वन-टू-वन बैठकें कीं, जिनमें नए निवेश प्रस्तावों, औद्योगिक क्लस्टरों और तकनीकी सहयोग पर महत्वपूर्ण चर्चा हुई.

मुख्यमंत्री ने कहा कि वन-टू-वन चर्चाएं निवेशकों में विश्वास का नया संचार हैं. उन्होंने आश्वस्त किया कि प्रदेश सरकार उद्योगों के लिए अनुकूल नीतियां, पारदर्शी प्रक्रियाएं और मजबूत आधारभूत संरचना उपलब्ध कराएगी. उन्होंने कहा, मध्यप्रदेश अब केवल निवेश का गंतव्य नहीं, बल्कि भारत का उभरता टेक और डिफेंस हब बनकर सामने आएगा.

डिफेंस और सेमीकंडक्टर इंडस्ट्री की ओर कदम

अनंत टेक्नोलॉजीज लिमिटेड के संस्थापक डॉ. सुब्बाराव पवुलुरी से मुख्यमंत्री ने डिफेंस क्लस्टर और अवसंरचना विकास पर चर्चा की. वहीं, एमरॉल्ड इन्फ्राइस्पैट लिमिटेड के निदेशक अनिल भंसाली ने भोपाल के बिंदौरी क्षेत्र में पीसीबी मैन्युफैक्चरिंग यूनिट की स्थापना का प्रस्ताव दिया. थॉमसन सेमीकंडक्टर्स प्रालि के सीईओ डॉ. श्रीनिवास अनंत ने बताया कि कंपनी प्रदेश में पैकेजिंग-टेस्टिंग यूनिट, ईवी बस और ट्रक निर्माण इकाई में निवेश करना चाहती है.

 

सेना के साथ साइबर सुरक्षा और एआई पर एमओयू

मुख्यमंत्री ने भारतीय सेना के मेजर जनरल गौतम महाजन, ब्रिगेडियर एम.एस. रंधावा, ब्रिगेडियर दीपक पुरी, कर्नल मनोजित सिन्हा और लेफ्टिनेंट कर्नल अरिजीत चंद्र सेन से मुलाकात की. इस दौरान राज्य सरकार और मिलिट्री कॉलेज ऑफ टेलीकम्युनिकेशन इंजीनियरिंग के बीच साइबर सुरक्षा और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) पर संयुक्त अनुसंधान एवं विकास के लिए एमओयू पर हस्ताक्षर किए. यह समझौता रक्षा और नागरिक तकनीकी सहयोग को सुदृढ़ करेगा.

 

आईटी और जीसीसी सेक्टर में नई संभावनाएं

 

 

एएनएसआर ग्लोबल के सह-संस्थापक विक्रम आहूजा ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर मध्यप्रदेश में नया ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर (जीसीसी) हब स्थापित करने का प्रस्ताव रखा. बैठक में निवेश, अवसंरचना और प्रशिक्षण प्रोत्साहनों पर चर्चा हुई. वेना इंडिया के निदेशक गौतम यादव और सह-निदेशक पार्थ सेन गुप्ता ने इंदौर में पहले से संचालित जीसीसी केंद्र के विस्तार की योजना बताई और एमपी ग्लोबल कैपेबिलिटी नीति 2025 के तहत प्रोत्साहनों पर चर्चा की.

 

ड्रोन और रोबोटिक्स क्लस्टर पर जोर

 

 

बीवीजी इंडिया लिमिटेड के चेयरमैन हनुमंत राव गायकवाड़ ने प्रदेश में वैश्विक ड्रोन एवं रोबोटिक्स क्लस्टर स्थापित करने की इच्छा जताई. मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ड्रोन नीति-2025 के तहत इस दिशा में हर संभव सहयोग देगी. सोरिंग एयरोटेक के प्रतिनिधि दैविश जैन और डॉ. मनोज देशपांडे से भी ड्रोन क्लस्टर भूमि आवंटन और विश्वविद्यालयों के साथ कौशल विकास पर बातचीत हुई.

 

फिल्म, आईटी और हेल्थटेक में भी निवेश की रुचि

 

 

लाइट एन लाइट ग्रुप के सैयद जावेद अली ने फिल्म एवं शूटिंग उपकरण विनिर्माण इकाई स्थापित करने का प्रस्ताव दिया. फिल्म पर्यटन नीति, जीएसटी रियायत और सिंगल विंडो सिस्टम पर चर्चा हुई. सोलुजेनिक्स के डायरेक्टर चंद्र कोठापु और क्लिनीसप्लाइज लिमिटेड की निदेशक प्रेरीता बहेती से भी निवेश विस्तार पर विचार-विमर्श हुआ.

Next Post

रथ के साथ ग्रामीणों को आमंत्रण देने विधायक गांव-गांव तक पहुंचे

Thu Nov 13 , 2025
कुसमी। जिले के कुसमी जनपद पंचायत अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत में धौंहनी विधायक कुंवर सिंह टेकाम, जनपद अध्यक्ष श्यामवती सिंह एवं जिला पंचायत सदस्य हीराबाई सिंह ने रथ यात्रा के साथ जन जागरूकता अभियान को लेकर गांव गांव तक पहुंची एवं लोगों को शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय टमसार में […]

You May Like

मनोरंजन