नयी दिल्ली, 13 नवंबर (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी सांसद प्रवीन खंडेलवाल ने लाल किला के पास हुये कार विस्फोट के पीड़ितों पर आम आदमी पार्टी (आप) के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज की टिप्पणी को अमानवीय राजनीति का प्रयास बताया है।
श्री खंडेलवाल ने गुरुवार को जारी बयान में आप नेता द्वारा एक्स पर किये पोस्ट की तीखी आलोचना करते हुये इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताया।
श्री खंडेलवाल ने कहा कि जो पार्टी झूठ की बुनियाद पर बनी थी, अब कार विस्फोट पीड़ितों पर भी राजनीति करने से नहीं चूक रही है। उन्होंने कहा कि यह सीधे तौर पर बेरोजगार नेता का राजनैतिक दिवालियापन है।
श्री खंडेलवाल ने कहा कि झूठ की बुनियाद पर बनी आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज से यही उम्मीद की जा सकती है। उन्होंने कहा कि आप नेता कार विस्फोट पीड़ितों पर भी झूठ की राजनीति करने से बाज नहीं आ रहे हैं।
उन्होंने कहा, “मैं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जाने से एक दिन पहले स्वयं 11 नवंबर को दोपहर करीब 12:15 बजे एलएनजेपी अस्पताल गया था, तब तक पीड़ित का इलाज शुरू हो चुका था और प्लास्टर भी लग चुका था।” उन्होंने कहा, मेरे साथ उस समय सौरभ भारद्वाज भी अस्पताल में मौजूद थे। उन्होंने भी चित्र लिए होंगे। यदि हिम्मत है तो वह उस समय की तस्वीरें सार्वजनिक करें — दूध का दूध, पानी का पानी हो जाएगा।”
श्री खंडेलवाल ने कहा कि हार ने सौरभ भारद्वाज और आम आदमी पार्टी को इस हद तक गिरा दिया है कि अब वे न केवल पीड़ितों पर सवाल उठा रहे हैं, बल्कि उसी तरह सेना पर भी पहले सवाल उठाने का इतिहास दोहरा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब झूठ फैलाकर सवाल उठाना आम आदमी पार्टी की आदत बन चुकी है। उन्होंने कहा कि जनता को तो मुंह दिखा नहीं सकते, ऊपर वाले को क्या जवाब दोगे।”
श्री खंडेलवाल ने कहा, ”मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 10 नवंबर की रात को ही एलएनजेपी अस्पताल में धमाका पीड़ितों से मुलाकात की थी। विस्तृत चिकित्सकीय जांच के बाद उसी दिन मरीज को प्लास्टर लगाया गया था जबकि मैं 11 नवंबर को दोपहर 12:15 बजे अस्पताल पहुंचा और घायलों से मुलाक़ात की और मेरे अस्पताल से बाहर निकलते ही सौरभ भारद्वाज भी उसी समय पहुंचे थे।” उन्होंने कहा कि इससे श्री भारद्वाज के झूठ की कलई खुल गई है। वह शर्मनाक राजनीति कर रहे हैं और उन्हें पीड़ितों से कोई सहानुभूति नहीं है।

