
छिंदवाड़ा. बिना डॉक्टर की पर्ची के दवाई दुकान संचालक ने कफ सिपर दिया था. दवाई पीने से मासूम बच्ची की नागपुर अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई थी. उक्त मामले में कुंडीपुरा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए फार्मासिस्ट और दुकान संचालक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. कुंडीपुरा थाना प्रभारी महेन्द्र भगत ने बताया कि ग्राम ककई निवासी 4 वर्षीय अंबिका पिता श्रीपाल विश्वकर्मा को सर्दी खासी होने पर 9 सितंबर को उसके पिता श्रीपाल विश्वकार्मा शहर के छोटी बाजार स्थित आशिर्वाद मेडिकल स्टोर पहुंचे थे जहां पर दुकान संचालक ने उन्हें कफ सिरप दिया था. कफ सिपर पीने से अंबिका की हालत अधिक बिगड़ गई. अंबिका को परिजनों ने नागपुर रोड़ स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया था जहां उसका प्रारंभिक उपचार करने के बाद उसे 13 सितंबर को नागपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया था. नागपुर में जांच रिपोर्ट में बताया गया था कि कफ सिरप पीने से बच्ची की किडनी खराब हो गई थी. नागपुर अस्पताल में एक माह उपचार के बाद 15 अक्टूबर को अंबिका विश्वकर्मा की मौत हो गई थी. 30 अक्टूबर को नागपुर से मर्ग डायरी कुंडीपुरा थाना में आई थी. मर्ग की जांच के बाद पुलिस ने आशिर्वाद मेडिकल स्टोर के संचालक अनिल कुमार शर्मा और फार्मासिस्ट अशोक कुमार शर्मा के खिलाफ धारा 105, 276 बीएनएस, 27 ए, 27 डी के तहत प्रकरण दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया . आज पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायलय के समक्ष प्रस्तुत किया जहां न्यायालय ने दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया.
