जबलपुर: एक बेसहारा और बुजुर्ग मां को अपनी ही सगी बेटी के हाथों नर्क जैसी जिंदगी जीने को मजबूर होना पड़ रहा है। आजाद चौक की रहने वाली 75 वर्षीय फल्ली बाई कोरी का गला दबाकर मारने का प्रयास किया गया बल्कि घर से निकल दिया गया। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर अपनी बेटी और नाती के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए न्याय की गुहार लगाई है। पीड़ित मां ने अपनी आपबीती सुनाई और एसपी से मांग की है कि उसकी बेटी को उसकेघर से बेदखल कर उसे उसका आशियाना वापस दिलाया जाए।
वृद्ध फल्ली बाई कोरी पति स्वर्गीय प्रेमलाल कोरी ने बताया कि उनकी तीन पुत्रियां हैं, जिनमें से बड़ी और छोटी बेटी की शादी के बाद वे अपने-अपने घरों में सुखी हैं। लेकिन मझली बेटी ने करीब 10 साल पहले अपने ही पति को बुरी तरह मारपीट और गाली-गलौज कर घर से खदेड़ दिया था। पति को भगाने के बाद वह जबरन मायके आकर रहने लगी। तीन साल पहले जब फल्ली बाई के पति का निधन हो गया, तो बेटी का रूप और भी भयानक हो गया। एसपी को दिए आवेदन में बुजुर्ग मां ने आरोप लगाया कि उनकी मझली बेटी उन्हें भीषण मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना दे रही है। हद तो तब हो गई जब उसने अपनी बूढ़ी मां का गला घोंटकर उन्हें जान से मारने की कोशिश की। इतना ही नहीं, बेटी ने घर का सारा कीमती सामान, बर्तन और जरूरी कागजात चुरा ली है ताकि मां कानूनी तौर पर असहाय हो जाए।
75 साल की उम्र में बाहर से पानी भरने की मजबूरी
वृद्धा ने बताया कि बेटी ने उन्हें घर के नल से पानी तक भरने का अधिकार छीन लिया है। इस उम्र में उन्हें बाहर से पानी ढोकर लाना पड़ता है। जब भी वह घर में कदम रखती हैं, बेटी धक्का मारकर बाहर निकाल देती है। इस घिनौने कृत्य में बेटी का बेटा सौरभ कोरी उर्फ राजा भी अपनी मां का पूरा साथ देता है।
