खाद वितरण में लापरवाही, गोदाम प्रभारी को हटाया, एक वेतन वृद्धि भी रोकी

जबलपुर: जिले के विकासखंड मुख्यालय शहपुरा के डबल लॉक केंद्र के कर्मचारियों पर खाद की कालाबाजारी करने और किसानों को परेशान करने की गंभीर शिकायतों पर कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने सख्त कार्यवाही की है। कलेक्टर सिंह गोदाम प्रभारी मुकेश पटेल की असंचयी प्रभाव से एक वेतन वृद्धि रोकने का आदेश जारी कर उसे वहां से हटाकर पाटन स्थानांतरित कर दिया है।
शहपुरा क्षेत्र के किसानों एवं किसान संगठनों द्वारा डबल लॉक शहपुरा के कर्मचारियों पर खाद की कालाबाजारी करने और किसानों को परेशान करने की गंभीर शिकायतें दर्ज कराई गई थीं। कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह ने इन शिकायतों को संज्ञान में लेते हुए अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) शहपुरा को आकस्मिक निरीक्षण के निर्देश दिये थे। अनुविभागीय राजस्व अधिकारी द्वारा 20 अगस्त को गोदाम का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान यह पाया गया कि गोदाम प्रभारी द्वारा डबल लॉक केंद्र से संबंधित किसानों को खाद न देकर अनावश्यक रूप से परेशान किया जा रहा है तथा लोडिंग ऑटो चालकों को किसानों के नाम पर ऑफलाइन टोकन जारी कर खाद का विक्रय किया जा रहा है, ताकि उसे बाजार में ऊंचे दामों पर बेचा जा सके। आकस्मिक निरीक्षण के दौरान परिसर में खड़े 5 ऑटो लोडिंग वाहनों को ऑफलाइन टोकन पाए जाने पर जांच के दायरे में लेते हुए शहपुरा थाने में खड़ा कराया गया। निरीक्षण के दौरान गोदाम के ऑनलाइन उपलब्ध स्टॉक का भौतिक सत्यापन भी किया गया।
ऐसा रहा गड़बड़झाला
सत्यापन में 3 हजार 909 बोरी यूरिया एवं 396 बोरी डीएपी अधिक मात्रा में पाई गई। इस संबंध में गोदाम प्रभारी को नोटिस जारी कर बिंदुवार स्पष्टीकरण मांगा गया। गोदाम प्रभारी द्वारा प्रस्तुत जवाब में बताया गया कि गोदाम में उपलब्ध अतिरिक्त खाद 198 किसानों को 8 से 19 अगस्त तक वितरित की जानी शेष थी, जिसके लिए 2 हजार 190 बोरी यूरिया की गाड़ी खाली हुई थी। किसानों को खाद वितरण में अत्यधिक विलंब करने और लोडिंग ऑटो चालकों के पास अन्य किसानों के नाम के टोकन पाए जाने के कारण गोदाम प्रभारी की कार्यप्रणाली में गंभीर लापरवाही और अनियमितता प्रमाणित पाई गई।

Next Post

मोदी ने ईद ए मिलाद-उन-नबी एवं ओणम पर देशवासियों को शुभकामनाएं दी

Wed Aug 26 , 2026
नयी दिल्ली, 26 अगस्त (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को ईद ए मिलाद-उन-नबी और ओणम के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दी है। श्री मोदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “ईद मुबारक! मिलाद-उन-नबी की बधाई। मुझे उम्मीद है कि यह अवसर हमारे चारों ओर एकजुटता और खुशियों […]

You May Like