एनआईए ने दिल्ली कार विस्फोट की जांच के लिए बनायी दस सदस्यीय टीम

नयी दिल्ली, 12 नवंबर (वार्ता) राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने दिल्ली कार विस्फोट की जांच के लिए अतिरिक्त महानिदेशक (एडीजी) विजय साखरे के नेतृत्व में दस सदस्यीय विशेष टीम का गठित की है।

केन्द्रीय गृह मंत्रालय ने दिल्ली कार विस्फोट की जांच की जिम्मेदारी मंगलवार को एनआईए को सौंपी थी। जांच एजेंसी ने एक दिन बाद ही इसके लिए टीम का गठन कर दिया। इस टीम में एक महानिरीक्षक (आईजी), दो उप महानिरीक्षक (डीआईजी), तीन पुलिस अधीक्षक (एसपी) और एक पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) शामिल हैं। एनआईए की जांच में दिल्ली पुलिस के अधिकारी भी सहयाेग कर रहे हैं।

शीर्ष सूत्रों ने यूनीवार्ता को बताया कि दिल्ली कार विस्फोट के तार पाकिस्तान से जुड़े होने के सबूत मिले हैं। डॉ. मुज़म्मिल शकील और अन्य संदिग्धों से पूछताछ में प्राप्त जानकारी के आधार पर विस्फोट का पाकिस्तान से संबंध जुड़ रहा है।

सूत्रों ने कहा, “इन संपर्कों का संबंध मौदुद्दीन औरंगज़ेब आलम से हो सकता है जिसे अम्मार अल्वी के नाम से भी जाना जाता है। खुफिया सूत्रों के अनुसार, मौदुद्दीन हमले का कथित संचालक था। निशाने पर पांच राज्यों के प्रमुख शहर थे। हमलों के लिए पुराने वाहनों का उपयोग योजना के अनुसार किया गया ताकि पहचान छुपायी जा सके।”

इस बीच, पुलिस ने प्रारंभिक रिपोर्ट में कहा कि लाल किले के बाहर हुए विस्फोट में आठ वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। इसके अलावा, ई-रिक्शा, ऑटो, टैक्सी और बसों सहित 22 अन्य वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए। सूत्रों के अनुसार, विस्फोटक एक आई 20 कार की पिछली सीट पर रखा गया था।

एक सूत्र ने कहा, “डॉ. उमर मोहम्मद लाल किला पार्किंग क्षेत्र में भी गया था क्योंकि पहले वहां विस्फोट करने की योजना थी। लेकिन सोमवार होने के कारण लाल किला बंद था और वहां भीड़-भाड़ नहीं थी इसलिए वह पार्किंग क्षेत्र से बाहर आ गया।”

सूत्रों के अनुसार, अपने साथियों की गिरफ्तारी और फरीदाबाद में भारी मात्रा में विस्फोटक जब्त होने से डॉ. उमर घबरा गया था। उसे अपनी गिरफ्तारी का डर था और इसी घबराहट में उसने कार के अंदर ही विस्फोट कर दिया।

 

Next Post

महमुदुल हसन जॉय के शतक से बंगलादेश की मजबूत शुरुआत

Wed Nov 12 , 2025
सिलहट 12 नवंबर (वार्ता) महमुदुल हसन जॉय (नाबाद 169), शादमान इस्लाम (80) और मोमिनुल हक (नाबाद 80) की शानदार पारियों के दम पर बंगलादेश ने पहले टेस्ट मैच के दूसरे दिन आयरलैंड को 286 के स्कोर पर समेटने के बाद स्टंप के समय एक विकेट पर 338 रन बनाकर मैच […]

You May Like