
छतरपुर। मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले से एक दर्दनाक तस्वीर सामने आई है। धर्मपुरा गांव की एक गरीब महिला अपनी 16 वर्षीय लापता बेटी की तलाश में बुधवार को घुटनों के बल चलकर पुलिस अधीक्षक (SP) कार्यालय पहुंची। महिला का कहना है कि उसकी बेटी को करीब एक महीने पहले कुछ लोगों ने अगवा कर लिया था, लेकिन अब तक पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है।
महिला ने बताया कि उसने कई बार थाने के चक्कर लगाए, लेकिन सिर्फ आश्वासन ही मिला। उसने कहा, “मेरी बेटी को ढूंढने का वादा तो सब करते हैं, पर अब तक कोई खबर नहीं मिली।”
मां की यह पीड़ा देखकर मौके पर मौजूद लोग भी भावुक हो उठे। महिला ने अधिकारियों से अपनी बेटी को सुरक्षित ढूंढ निकालने की मांग की है। उधर, पुलिस का कहना है कि मामला जांच में है और लापता लड़की की तलाश के प्रयास जारी हैं।
