इंदौर:लसूड़िया थाना क्षेत्र स्थित ओमेक्स सिटी वन में अज्ञात चोरों ने दिनदहाड़े एक बंद मकान का ताला तोड़कर लाखों रुपए के जेवर और नकदी पर हाथ साफ कर दिया. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है.थाना प्रभारी तारेश कुमार सोनी ने बताया कि थाने पहुंचे 39 वर्षीय फरियादी महेन्द्र सिंह कुशवाह निवासी 1290, हैप्पी होम, ओमेक्स सिटी वन ने बताया कि 7 नवंबर की दोपहर 1 से 2 बजे के बीच वह घर से बाहर गए थे.
इसी दौरान अज्ञात आरोपी घर का मुख्य ताला तोड़कर अंदर घुसे और अलमारी का लॉक तोड़कर उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषण और नगदी रकम चुरा ले गए. घटना का पता फरियादी को 10 नवंबर की शाम करीब साढ़े सात बजे चला, जब वह घर लौटे और टूटा ताला देखा. सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके का मुआयना कर अज्ञात चोरों के खिलाफ केस दर्ज किया है, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की मदद से आरोपी की तलाश की जा रही है.
