इंदौर: एरोड्रम थाना क्षेत्र के संगम नगर में देर रात एक युवक के घर में घुसकर कुछ लोगों ने गाली-गलौज और मारपीट कर दी. घटना में युवक और उसके पिता घायल हो गए. पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरु की.थाना प्रभारी वरुण सिंह भाटी ने बताया कि 36 वर्षीय सोमू मिश्रा निवासी 106-बी, संगम नगर ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि रात करीब साढ़े दस बजे साकेत बादल, अनंत मिश्रा और प्रथम बादल उसके घर आए.
अनंत ने कहा कि उसकी बहन के जेवर वापस दे दो. फरियादी ने बताया कि जेवर अलमारी में रखे हैं, जिस पर उन्होंने अलमारी से जेवर निकाल लिए और उसकी पत्नी को लेकर अशोभनीय गालियां देने लगे. जब उसने विरोध किया तो तीनों ने थप्पड़, लात-घूंसों और डंडों से हमला कर दिया.
मारपीट के दौरान आरोपी उसे घर से बाहर घसीट ले गए और वहां भी पिटाई की, जिससे उसे नाक, हाथ, पैर और कमर में चोट आई. जब उसके पिता रामशंकर बचाने पहुंचे तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी. पुलिस ने साकेत बादल, अनंत मिश्रा और प्रथम बादल के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू की
