जयपुर, 10 नवबंर (वार्ता) राजस्थान में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के प्रारंभिक चरण के तहत 51 प्रतिशत से अधिक गणना फॉर्म वितरित किए जा चुके हैं।
राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवीन महाजन ने बताया कि 2.83 करोड़ मतदाता अपने गणना प्रपत्रों को प्राप्त कर चुके हैं, शेष सभी मतदाताओं को भी फॉर्म उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि सोमवार को साम दिवसों की समाप्ति तक 75 प्रतिशत मतदाताओं को गणना प्रपत्र वितरित कर झालावाड़ जिला प्रथम स्थान पर पहुंच गया है। धौलपुर, चित्तौड़गढ़ एवं बाड़मेर क्रमशः दूसरे तीसरे व चौथे स्थान पर हैं जबकि जिन जिलों में वितरण की प्रक्रिया की गति पर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने असंतोष जाहिर किया है, उनमें बीकानेर, नागौर, हनुमानगढ़ एवं सवाईमाधोपुर शामिल हैं। विधानसभा क्षेत्रों में झालरापाटन 76 प्रतिशत मतदाताओं तक गणना प्रपत्रों को पहुंचाकर इस सूची में आज सबसे ऊपर स्थान बनाए हुए हैं जबकि 35 प्रतिशत वितरण के साथ गंगानगर विधानसभा क्षेत्र सबसे नीचे है।
श्री महाजन ने बताया कि भरे हुए गणना प्रपत्रों को बीएलओ द्वारा डिजिटाइज़ करने का कार्य भी जोर-शोर से शुरू हो गया है और अब तक आठ लाख फॉर्म डिजिटाइज़ कर दिए गए हैं । डिजिटाइज़ करने में बालोतरा, सलूंबर, सिरोही एवं बाड़मेर जिले प्रथम चार स्थानों पर हैं जबकि बीकानेर, डीडवाना-कुचामन, झुंझुनूं एवं हनुमानगढ़ अंतिम चार स्थानों पर हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने नवनिर्मित जिलों बालोतरा एवं सलूंबर तथा सिरोही एवं बाड़मेर के जिला निर्वाचन अधिकारियों के इस प्रारंभिक शुरुआत पर संतोष जताया और सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को भरे हुए गणना प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन की गति तीव्र करने के लिए निर्देशित किया।
उन्होंने बताया कि मतदाता अपने गणना प्रपत्र वेबसाइट पर सीधे ही भर सकते हैं। उनके द्वारा भरकर ऑनलाइन ही जमा कराए गए गणना प्रपत्रों की सूचना बीएलओ तक पहुंच जाती है। ऐसे मतदाता जो ऑनलाइन अपना प्रपत्र भर देते हैं उन्हें बीएलओ द्वारा दिए जाने वाले गणना प्रपत्रों को उन्हें भरने की आवश्यकता नहीं है।
