तिरुवनंतपुरम, 10 नवंबर (वार्ता) केरल में ऑपरेशन डी-हंट के अंतर्गत राज्यव्यापी विशेष अभियान में मादक पदार्थ रखने एवं बेचने के आरोप में 156 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया।
समन्वित कार्रवाई के अंतर्गत, केरल पुलिस ने पूरे केरल में 1,700 संदिग्ध लोगों की जांच की और मादक पदार्थ रखने से संबंधित 144 मामले दर्ज किए।
यह अभियान आठ नवंबर को चलाया गया जिसके परिणामस्वरूप कई प्रतिबंधित मादक पदार्थों को जब्त किया गया। इनमें 0.2018 किलोग्राम एमडीएमए, 0.2831 किलोग्राम गांजा और 96 गांजा-रोल्ड बीड़ी शामिल है।
अवैध मादक पदार्थों का भंडारण एवं वितरण में शामिल लोगों की पहचान करने और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने के लिए पूरे राज्य में ऑपरेशन डी-हंट चलाया गया।
मादक पदार्थ गतिविधियों से संबंधित सार्वजनिक जानकारी प्राप्त करने के लिए चौबीसों घंटे काम करने वाला एक एंटी-नारकोटिक्स कंट्रोल रूम कार्यरत है। आम नागरिक मोबाइल नंबर – 94979 27797 पर संपर्क करके गोपनीय रूप से जानकारी साझा कर सकते हैं और सूचना देने वालों का विवरण पूरी तरह से गोपनीय रखा जाएगा।
मादक पदार्थ विरोधी कार्रवाई को मजबूत करने के लिए, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) की प्रत्यक्ष निगरानी में राज्य स्तर पर एक मादक पदार्थ विरोधी खुफिया सेल और एक एनडीपीएस समन्वय सेल कार्य कर रहे हैं।
