बेंगलुरु, (वार्ता) जॉर्डन हरमन (91), लेसेगो सेनोक्वाने (77), ज़ुबैर हम्जा (77), टेम्बा बावुमा (59) और कॉनर एस्टरहाउजन (नाबाद 52) की अर्धशतकीय पारियों के दम पर दक्षिण अफ्रीका ए ने दूसरे अनौपचारिक टेस्ट मैच के चौथे दिन भारत ए को पांच विकेट से हरा दिया। इसी के साथ दक्षिण अफ्रीका ए ने दो मैचों की सीरीज 1-1 से बराबर कर दी। मार्केस ऐकरमैन को प्लेयर ऑफ द मैच और ध्रुव जुरेल को प्लेयर ऑफ द सीरीज का पुरस्कार मिला।
417 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए दक्षिण अफ्रीका ने कल के बिना कोई विकेट खोये 25 रन के स्कोर से आगे खेलना शुरु किया। दक्षिण अफ्रीका का पहला विकेट 43वें ओवर में जॉर्डन हरमन के रूप में गिरा। जॉर्डन हरमन ने 123 गेंदों में 13 चौके और एक छक्का लगाते हुए 91 रनों की पारी खेली। उन्हें प्रसिद्ध कृष्ण ने अपनी ही गेंद पर कैच आउट किया। इसके बाद बल्लेबाजी करने आये ज़ुबैर हम्जा ने लेसेगो सेनोक्वाने के साथ पारी को संभाला और तेजी के साथ रन बटोरे। 53वें ओवर में हर्ष दुबे ने लेसेगो सेनोक्वाने को पगबाधा आउट किया। लेसेगो सेनोक्वाने ने 174 गेंदों में 11 चौके लगाते हुए 77 रन बनाये।
ज़ुबैर हम्जा (77) के रूप में दक्षिण अफ्रीका तीसरा विकेट गिरा। उन्हें प्रसिद्ध कृष्णा ने अपना शिकार बनाया। कप्तान मार्केस ऐकरमैन (24) को मोहम्मद सिराज ने आउट किया। 90वें ओवर में आकाश दीप ने टेम्बा बावुमा को आउटकर भारत को पांचवीं सफलता दिलाई। टेम्बा बावुमा ने 101 गेंदों में सात चौकों की मदद से 59 रन बनाये। दक्षिण अफ्रीका ने 98 ओवर में पांच विकेट पर 417 रन बनाकर मुकाबला पांच विकेट से जीत लिया।
भारत ए के लिए प्रसिद्ध कृष्णा ने दो विकेट लिये। मोहम्मद सिराज, आकाश दीप और हर्ष दुबे ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।
इससे पहले भारत ए ने पहली पारी में 255 रन बनाये थे। वहीं दक्षिण अफ्रीका ए पहली पारी में 221 का स्कोर पर सिमट गई थी। भारत ने दूसरी पारी में सात विकेट पर 382 रन बनाने के बाद पारी घोषित कर दक्षिण अफ्रीका को जीत के लिए 417 रनों का लक्ष्य दिया था।
संक्षिप्त स्कोर : भारत ए 255 और 382/7 पारी घोषित
दक्षिण अफ्रीका ए 221 और 417/5
