भारतीय हॉकी के 100 वर्ष पूरे, इटारसी में उत्सव के रूप में खेला गया विशेष मैच

इटारसी। भारतीय हॉकी के सौ वर्ष पूरे होने पर शुक्रवार को हॉकी इंडिया के आव्हान पर हॉकी नर्मदापुरम (मान्यता प्राप्त) द्वारा गांधी स्टेडियम में विशेष हॉकी प्रतियोगिता आयोजित की गई। यह आयोजन इटारसी हॉकी के इतिहास में एक नया अध्याय साबित हुआ। प्रतियोगिता में आठ टीमों ने हिस्सा लिया, जिनमें चार गर्ल्स और चार बॉयज की टीमें थीं। गर्ल्स वर्ग में आदर्श हरदुआ इलेवन ने माइकल जॉनेथन इलेवन को 2-1 से हराया, जबकि बॉयज वर्ग में सुरेश अग्रवाल इलेवन ने ग्लेडविन अल्फ्रेड इलेवन को 2-0 से पराजित किया।

आयोजन के दौरान आठ से सत्तर वर्ष तक के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। मैदान की तैयारियों में बाधाएँ आने के बावजूद खिलाड़ियों ने मछली पकड़ने की जाली से गोलपोस्ट बनाकर मैच पूरे किए। आयोजन में रवि जायसवाल, दीपक अग्रवाल, जोगिंदर सिंह सहित अनेक अतिथि उपस्थित रहे। यह कार्यक्रम हॉकी इंडिया के शताब्दी उत्सव का हिस्सा था, जिसके अंतर्गत देशभर के 500 जिलों में एक साथ एक हजार से अधिक मैच खेले गए। गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में इस आयोजन को दर्ज कराने की प्रक्रिया भी जारी है।

 

Next Post

भारत के हर एक राष्ट्रभक्त के दिलों में बसता है वंदे मातरम गीत: विक्रम वर्मा

Fri Nov 7 , 2025
धार । राष्ट्रीय गीत वन्दे मातरम के 150 वर्षपूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर सम्पूर्ण देश में इसका स्मारणोत्सव मनाया जा रहा है यह कार्यक्रम तीन चरणों में पुरे वर्ष भर चलेगा। इसी तारतम्य में भारतीय जनता पार्टी धार द्वारा पूर्व केंद्रीय मंत्री वरिष्ठ नेता […]

You May Like