गुप्त और अवैध परमाणु गतिविधि पाकिस्तान का इतिहास : विदेश मंत्रालय

नयी दिल्ली 07 अक्टूबर (वार्ता) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के इस खुलासे कि पाकिस्तान एक बार फिर चोरी-छिपे परमाण परीक्षण करने में लगा है पर कड़ी प्रतिक्रिया करते हुए भारत ने कहा है कि गुप्त और अवैध परमाणु गतिविधियां पाकिस्तान के परमाणु प्रसार के इतिहास का हिस्सा हैं। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने शुक्रवार को यहां साप्ताहिक ब्रीफिंग में पाकिस्तान के परमाणु परीक्षणों से संबंधित सवाल के जवाब में कहा,” गुप्त और अवैध परमाणु गतिविधियां पाकिस्तान के इतिहास का हिस्सा हैं, जो दशकों से तस्करी, निर्यात नियंत्रण उल्लंघनों, गुप्त साझेदारियों, ए.क्यू. खान नेटवर्क और परमाणु प्रसार पर केंद्रित है।”

उन्होंने कहा कि भारत ने हमेशा अंतरराष्ट्रीय समुदाय का ध्यान पाकिस्तान की इन गतिविधियों की ओर आकर्षित किया है। उन्होंने कहा कि भारत पाकिस्तान के परमाणु परीक्षण के बारे में अमेरिका के राष्ट्रपति की टिप्पणी को इसी पृष्ठभूमि में देखता है।

उल्लेखनीय है कि श्री ट्रंप ने हाल ही में कहा था कि चीन, रूस, उत्तर कोरिया और पाकिस्तान जैसे देश चाेरी-छिपे परमाणु परीक्षण कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अमेरिका भी परमाणु परीक्षण करेगा।

उन्होंने कहा कि भारत ने परमाणु परीक्षणों के मुद्दे पर अंतर्राष्ट्रीय मंचों पर अपना रूख स्पष्ट किया है। संयुक्त राष्ट्र में विशेष प्रतिनिधि ने भी संस्था में भारत का रूख रखा है।

एक अन्य सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि सभी जानते हैं कि दुनिया में पाकिस्तान को आतंकवाद के केन्द्र के रूप में जाना जाता है।

 

Next Post

एमसीए एक आवासीय महिला अकादमी स्थापित करेगा

Fri Nov 7 , 2025
मुंबई, 07 नवम्बर (वार्ता) मुंबई क्रिकेट संघ (एमसीए) मुंबई में एक आवासीय महिला क्रिकेट अकादमी स्थापित करने की योजना बना रहा है। एमसीए अध्यक्ष अजिंक्य नाइक ने राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को औपचारिक रूप से पत्र लिखकर एक समर्पित आवासीय महिला क्रिकेट अकादमी की स्थापना के लिए मुंबई महानगर […]

You May Like