श्रीनगर में मौसम की सबसे सर्द रात, पहलगाम में हाड़ कंपाने वाली ठंड

श्रीनगर, 07 नवंबर (वार्ता) जम्मू-कश्मीर के अधिकांश हिस्सों में रात का तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया जबकि श्रीनगर में मौसम की सबसे सर्द रात दर्ज की गई, जहाँ न्यूनतम तापमान 0.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया तथा घाटी में औसत तापमान एक से तीन डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार कश्मीर के ऊपरी इलाकों में हाल ही में हुई हिमपात के कारण घाटी में तापमान में उल्लेखनीय गिरावट आयी है और कई इलाकों में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया गया। अनंतनाग जिले के पर्वतीय रिसॉर्ट पहलगाम में शून्य से नीचे 3.0 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया जो कश्मीर का सबसे ठंडा स्थान रहा।

जम्मू-कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में न्यूनतम तापमान 0.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो इस मौसम की अब तक की सबसे सर्द रात थी। तापमान सामान्य 1.9 से गिरकर 1.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

विभाग ने घाटी के प्रवेश द्वार काजीगुंड में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 0.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि कोकरनाग में 1.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 0.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि स्की रिसॉर्ट गुलमर्ग में तापमान शून्य से नीचे 2.6 डिग्री सेल्सियस रहा।

मौसम विभाग ने शुक्रवार को बताया कि अगले 24 घंटों के दौरान केन्द्र शासित प्रदेश में मुख्यतः मौसम शुष्क रहने का अनुमान व्यक्त किया है। इसके साथ ही विभाग ने यह भी कहा है कि अगले दो दिनों में मौसम में कोई बड़ा बदलाव होने की उम्मीद नहीं है, जिससे पूरे क्षेत्र में शुष्क और ठंडी स्थिति यथावत रहने का अनुमान है।

 

 

Next Post

भारत-न्यूजीलैंड एफटीए वार्ताओं का चौथा दौर पूरा, दोनों देश समझौता शीघ्र सम्पन्न करने को तत्पर

Fri Nov 7 , 2025
नयी दिल्ली, 7 नवंबर (वार्ता) भारत और न्यूजीलैंड के बीच मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) के लिए वार्ताओं का चौथा दौर शुक्रवार को न्यूजीलैंड में समाप्त हुआ जिसमें दोनों पक्षों की ओर से मंत्रिस्तरीय भागीदारी हुई। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा, “हम भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच बढ़ते […]

You May Like