
जबलपुर। मध्यप्रदेश के स्वास्थ्य विभाग के इतिहास में पहली बार 3 दिन की बच्ची को एयरलिफ्ट कर मुंबई भेजा गया है। अब मुंबई के नारायण हृदयालय में बच्ची का इलाज शुरू कर दिया गया है। इस मौके पर सिहोरा विधायक संतोष बरकड़े ने कहा कि मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री मोहन यादव को हृदय से धन्यवाद देता हूं कि उनकी संवेदनशील योजनाएं विषम परिस्थितियों में जरूरतमंदों को सहायता पहुंचा रही है। वहीं बच्ची के पिता ने इस योजना के लिए प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री एवं सीएमएचओ डॉ संजय मिश्रा सहित समस्त स्वास्थ्य विभाग की संवेदनशीलता का हृदय से आभार व्यक्त किया।
इस संबंध में सीएमएचओ डॉ. संजय मिश्रा ने नवभारत को बताया कि हमारे स्वास्थ्य विभाग ने अवकाश के दिन कार्यालय खोलकर पूरी प्रक्रिया पूरी की और बच्ची को इलाज के लिए मुंबई रवाना किया। जानकारी के अनुसार गुरुवार दोपहर करीब 1:00 बजे मुख्यमंत्री एयर एंबुलेंस जबलपुर डुमना एयरपोर्ट पर पहुंची, उसके बाद जिले के स्वास्थ्य अधिकारियों तथा परिजनों की उपस्थिति में दोपहर 2:20 पर मुंबई के लिए रवाना हुई, बच्ची के साथ पिता सत्येंद्र दाहिया तथा स्वास्थ्य विभाग का स्टाफ साथ में गया है।
3 दिन पहले महिला को हुए थे जुड़वा बच्चे
विदित हो कि जबलपुर जिले के सिहोरा निवासी सत्येंद्र दाहिया की पत्नी शशि दाहिया ने सोमवार दोपहर को जुड़वा बच्चों को जन्म दिया था, चिकित्सकों ने दोनों बच्चों की जांच की तो पता चला कि लड़का तो पूरी तरह स्वस्थ है लेकिन बच्ची के दिल में छेद है। चिकित्सकों ने बच्ची के स्वास्थ्य की गंभीर स्थिति को देखते हुए परिजनों से तुरंत मुंबई में इलाज कराने की सलाह दी। ऐसे में माता-पिता चिंतित हो गए और जब उन्हें यह पता चला कि गुरु नानक जयंती के अवसर पर शासकीय अवकाश है तो उनकी चिंता और बढ़ गई परंतु ऐसे में एक परेशान परिवार की मदद करने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने आगे आकर संवेदनशीलता का परिचय दिया और सीएमएचओ डॉ संजय मिश्रा के नेतृत्व में राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के जिला प्रबंधक सुभाष शुक्ला की अगवानी में विभाग का कार्यालय खोला और न केवल राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत मिलने वाली सहायता के लिए चंद घंटे में ही सभी दस्तावेज तैयार किए गए बल्कि मुख्यमंत्री एयर एंबुलेंस की व्यवस्था करा कर बच्ची को गुरूवार को मुंबई रवाना भी करवाया। इस अवसर पर सिहोरा विधायक संतोष बरकड़े, सीएमएचओ डॉ संजय मिश्रा, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ विनीता उप्पल, जिला प्रबंधक आरबीएसके सुभाष शुक्ला, श्रीया अवस्थी उपस्थित रहे।
