सैन्य, जिला-पुलिस प्रशासन, अलर्ट मोड पर

 

नागरिकों की सुरक्षा से जुड़े विभागों के कर्मचारियों के अवकाश रद्द

जबलपुर। बॉर्डर पर भारत और पाकिस्तान के बीच लगातार चल रही गोलीबारी से हालात दिनों-दिन युद्ध के करीब पहुंचने लगे हैं। जिसको लेकर जबलपुर में मौजूद अत्यंत संवेदनशील आयुध निर्माणियों के चलते जबलपुर को हाई अलर्ट पर रखा गया है। वहीं पुलिस व जिला प्रशासन की देश की सीमा के बिगड़े हालातों को ध्यान में रखकर अलर्ट मोड पर आ चुका है। जबलपुर के मिलेट्री एरिया, एयरपोर्ट, आयुध निर्माणियों के पास प्रशासन द्वारा चौकसी बढ़ा दी गई है। वहीं कलेक्टर दीपक सक्सेना ने नागरिकों की सुरक्षा से जुड़े सभी विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों के अवकाश पर प्रतिबंध लगा दिया है।

जानकारी के अनुसार सुरक्षा एजेंसियों के साथ जिला, पुलिस प्रशासन ने जबलपुर में सतर्कता बढ़ा दी है। जिसका एक प्रमुख कारण है कि जबलपुर में देश की प्रमुख आयुध निर्माणियों की इकाईयां मौजूद हैं। विदित हो कि जीसीएफ (गन कैरिज फैक्ट्री) में सेना के लिए फोर्स व्हीकल और टैंकों का निर्माण होता है, जबकि खमरिया स्थित आयुध निर्माणी में मिसाइल, बम और गोला-बारूद की फीलिंग (भराई) की जाती है। इसके अतिरिक्त सीओडी (केंद्रीय आयुध डिपो) में भारी मात्रा में आयुध सामग्री का भंडारण है, जो युद्धकालीन आवश्यकताओं की एक बहुत बड़ी कड़ी मानी जाती है। इसके अलावा जबलपुर में भारतीय सेना की विभिन्न बटालियनों का मुख्यालय भी है, जिनमें ग्रेनेडियर रेजिमेंट, कोबरा यूनिट, सिग्नल कोर सहित पाँच से अधिक सैन्य सेवाओं की बटालियनें शामिल हैं। इस सैन्य उपस्थिति के कारण जबलपुर को सामरिक दृष्टि से अति संवेदनशील क्षेत्र घोषित किया गया है।

 

डुमना एयरपोर्ट पर भी रखी जा रही पैनी नजर

भारत-पाकिस्तान में बढ़ते तनाव को देखते हुए देश भर के एयरपोर्ट्स पर अलर्ट जारी किया गया है। डुमना एयरपोर्ट पर एक विदेशी महिला के पास जीपीएस ट्रैकर मिलने के बाद से जबलपुर एयरपोर्ट की सुरक्षा और कड़ी कर दी गई है। डुमना एयरपोर्ट पर भी संदिग्धों पर नजर के साथ सघन चैकिंग अभियान चलाया जाने लगा है। वहीं जबलपुर से उड़ने वाली सभी उड़ानों को हाई सिक्योरिटी रेंज में रखा गया है।

 

पुलिसकर्मियों की भी छुट्टी निरस्त

सीमा पर युद्ध की यह स्थिति को देखते हुए प्रदेश सरकार ने शासन को अलर्ट पर रखा है। कानून व्यवस्था के मद्देनजर सभी पुलिस अधीक्षकों को पूरी टीम को सक्रिय करने के लिए कहा गया है तो पुलिस मुख्यालय ने कर्मचारियों की छुट्टी निरस्त कर दी है।

आपात स्थिति के लिए कंट्रोल रूम किया गया स्थापित

जिला प्रशासन द्वारा आपात स्थिति में नागरिकों की सुरक्षा के लिए कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। जिसका लैंड लाइन नंबर 0761- 2623925 है। कोई भी व्यक्ति इस नंबर पर कॉल कर आपात स्थिति में नागरिकों की सुरक्षा व बचाव में सहभागी बन सकते है।

इनका कहना है

–देश की वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए नागरिक सुविधाओं से जुड़े सभी विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों, फील्ड स्टसफ के अवकाश पर आगामी आदेश तक प्रतिबंध लगाया गया है। प्रतिबंध अवधि के दौरान विशेष परिस्थितियों में मेरी स्वीकृति के बाद अवकाश स्वीकृत किए जाएंगे।

–दीपक सक्सेना ,कलेक्टर, जबलपुर।

Next Post

RPF ने रेल यात्रियों से अवैध वसूली कर रहे किन्नर पकड़े, दर्ज की FIR 

Fri May 9 , 2025
भोपाल।ट्रेनों में यात्रियों से जबरन वसूली करने वाले किन्नरों पर बडी कार्रवाई की गई है. यात्री कि शिकायत के आधार पर रेलवे कर्मचारियों ने किन्नरों की धरपकड की. रेलवे के नियमों के आधार पर किन्नरों पर धारा लगाते हुए केस दर्ज किया गया है. जानकारी के अनुसार 8 मई को […]

You May Like