मोदी-नीतीश की जोड़ी बिहार को विकसित राज्य बनाएगी : राजनाथ

मोतिहारी, 06 नवंबर (वार्ता) केन्द्रीय रक्षा मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता राजनाथ सिंह ने गुरूवार को लोगों से कथित “जंगलराज” की पुनर्वापसी से सतर्क रहने की अपील करते हुये कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जोड़ी ही बिहार को विकसित राज्य बनाएगी।

केन्द्रीय रक्षा मंत्री श्री सिंह ने पूर्वी चंपारण के चिरैया विधानसभा क्षेत्र स्थित पताही हाई स्कूल मैदान में चुनावी सभा को सम्बोधित करते हुए कहा, ” राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग)सरकार के कार्यकाल में बिहार की छवि बदली है और विकास को गति मिली है। उन्होंने कहा कि बीस वर्षो के कार्यकाल में नीतीश कुमार के ऊपर कोई भ्रष्टाचार का आरोप नहीं लगा, जो राजनीति में शुचिता और पारदर्शिता का वास्तविक उदाहरण है। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता अब ‘जंगल राज’ वाले दिनों में वापस नहीं जाना चाहती और इस बार फिर से बिहार में बहुमत से एनडीए की सरकार बनेगी।”

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पूर्वी चंपारण में मोतिहारी विधानसभा के जिला स्कूल में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुये कहा कि बिहार में जंगलराज रोकने का काम केवल नीतीश और मोदी की जोड़ी ही कर सकती है। उन्होंने केंद्र में प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के दस साल के शासन में बिहार के विकास के लिए जारी किए गए फंड की चर्चा करते हुए कहा कि उंस समय प्रदेश को मात्र 2.80 लाख करोड़ की राशि ही मिली थी। उन्होंने कहा कि मनमोहन सिंह अपने दस साल में महज पांच बार बिहार आए। लेकिन जब केंद्र में राजग की सरकार बनी तो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 55 बार बिहार आए और बिहार के विकास के लिए 18.70 लाख करोड़ रुपये आबंटित किये। उन्होंने राहुल गांधी की बिहार यात्रा पर तीखा प्रहार करते हुए कहा, “उनकी यात्रा केवल घुसपैठियों को बचाने के लिए थी।”

नेपाल के सीमावर्ती विधानसभा क्षेत्र रक्सौल के जटीयाही में उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने राहुल गांधी पर तंज करते हुए कहा, ” उनकी बिहार यात्रा मनोरंजन के लिए होती है। कोई राहुल गांधी से कह दे कि मछली पेड़ पर मिलेगी, तो वे पानी में उतरने के बजाय पेड़ पर चढ़ जाएंगे।” उन्होंने कहा, “बिहार की राजग सरकार ने अब हर घर तक बिजली पहुंचा दी है, वह भी फ्री वाली। अब बिहार से लालटेन का युग समाप्त हो गया है।”

 

 

 

Next Post

जो राम का नहीं, वो किसी काम नही: निरहुआ

Thu Nov 6 , 2025
मधुबनी, 06 नवंबर (वार्ता) भोजपुरी सिनेमा के सुपर स्टार और पूर्व सांसद दिनेश लाल यादव निरहुआ ने गुरूवार को कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार ने बिहार में विकास की रफ्तार को बढ़ाया है। भोजपुरी सुपर स्टार निरहुआ ने खजौली विधानसभा क्षेत्र से राजग समर्थित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) […]

You May Like

मनोरंजन