
पिपरिया। नर्मदापुरम जिले के पिपरिया में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हाईप्रोफाइल स्मैक तस्करी का खुलासा किया। मुखबिर की सूचना पर शोभापुर रोड पर बस से उतरते समय पुलिस ने हेमंत गिरी गोस्वामी (25) निवासी पिपरिया को पकड़ा, जिसके कब्जे से 21.5 ग्राम स्मैक बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब 5 लाख रुपए है। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह यह स्मैक पिपरिया की महिला राखी कहार के लिए लाया था। पुलिस ने महिला को भी गिरफ्तार किया है। बताया गया कि उसकी सास और पति पहले से गांजा तस्करी के केस में जेल में हैं। एसपी साईं कृष्णा थोटा ने पुलिस टीम को 10 हजार रुपए इनाम की घोषणा की और इनाम बढ़ाने की अनुशंसा की है।
