
छतरपुर। गढ़ीमलहरा थाना क्षेत्र के कलानी गांव में देर रात खेत से ट्रैक्टर निकालते समय बिजली के तार की चपेट में आने से 21 वर्षीय दीपक विश्वकर्मा की मौत हो गई, जबकि उसका साथी शुभम चौबे घायल हो गया। ग्रामीणों की सूझबूझ से शुभम की जान बच गई। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई।
जानकारी के अनुसार, दीपक और शुभम खेत पर मूंगफली की थ्रेसिंग मशीन चलाकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान खेत के ऊपर से गुजर रही विद्युत लाइन ट्रैक्टर के संपर्क में आ गई। करंट लगने से दोनों युवक ट्रैक्टर सहित चपेट में आ गए।
शोर सुनकर गांव के लोग मौके पर पहुंचे और डंडों की मदद से बिजली के तारों को तोड़ा। इसके बाद दोनों को निजी वाहन से अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दीपक को मृत घोषित कर दिया।
अस्पताल चौकी पुलिस ने पंचनामा तैयार कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे की जांच जारी है।
