
भोपाल: मप्र कांग्रेस के प्रवक्ता प्रवीण धौलपुरे ने हरियाणा में सामने आए खुलासों को “भारत की चुनावी लोकतंत्र व्यवस्था पर सीधा प्रहार” बताया है। उन्होंने कहा कि हरियाणा की मतदाता सूची में एक ही ब्राज़ीलियन मॉडल की तस्वीर को अलग-अलग नामों—सीमा, स्वीटी, सरस्वती, रश्मि और विमला—के साथ दर्ज पाया गया है। बताया जा रहा है कि यह एक ही चेहरा दस मतदान केन्द्रों में 22 बार शामिल पाया गया। धौलपुरे ने इसे “साधारण लापरवाही नहीं, बल्कि संगठित तरीके से रची गई लोकतंत्र पर हमला” कहा।
धौलपुरे ने संबंधित मतदाता सूचियों और मतदान केन्द्रों की तत्काल फोरेंसिक जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि जिन प्रशासनिक अधिकारियों की भूमिका इसमें पाई जाए, उन्हें निलंबित या बर्खास्त किया जाए। इसके साथ ही उन्होंने इस पूरे मामले की सच्चाई उजागर करने के लिए उच्चस्तरीय विशेष जांच दल (SIT) के गठन की मांग की।
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता ने सवाल उठाया कि यह तस्वीर मतदाता सूची में कैसे शामिल हुई, फर्जी पहचान पत्र किसने तैयार किए, और चुनाव आयोग तथा स्थानीय प्रशासन इस पर अब तक चुप क्यों हैं।
धौलपुरे ने कहा कि यह लड़ाई हर भारतीय मतदाता के अधिकार की है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को संसद से लेकर सड़क तक उठाएगी और चुनाव आयोग से इस मामले पर निष्पक्ष सार्वजनिक रिपोर्ट जारी करने की मांग की। इस खुलासे ने राष्ट्रीय राजनीतिक बहस को तेजी से गरमा दिया है।
