मधुबनी, 05 नवंबर(वार्ता) उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता केशव प्रसाद मौर्या ने बुधवार को कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी जिस तरह प्रधानमंत्री बनने के लिए व्याकुल है,उसी तरह बिहार में तेजस्वी यादव और उत्तर प्रदेश में अखिलेश यादव मुख्यमंत्री बनने के लिए बेचैन है, लेकिन, देश की जनता इन तीनों के सपने को कभी पूरा नहीं होने देगी।
श्री मौर्या ने आज मधुबनी जिले के बेनीपट्टी के अरेर बच्चा झा जनता उच्च विद्यालय परिसर में आयोजित राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) प्रत्याशियों के समर्थन में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू यादव ने कांग्रेस पर दबाव बनाकर अपने पुत्र तेजस्वी यादव को महागठबंधन में मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार बनवाया है। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता नीतीश कुमार के शासनकाल से खुश है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब एक डूबती नैय्या है और बिहार में राजद से उसकी मिलीभगत है।
पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे ने कहा कि 90 के दशक में भाजपा से बड़ी भूल हुई थी। भाजपा ने लालू यादव जैसे भ्रष्ट नेता को समर्थन दिया था। उन्होंने कहा कि लालू यादव स्वास्थ्य का हवाला देकर जमानत पर बाहर है और चुनाव प्रचार कर रहें है। उन्होंने चुनाव आयोग और अदालत से मांग की कि श्री यादव को वापस जेल भेजा जाए।
श्री चौबे ने कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सरकार में कई काम किये गये हैं। उन्होंने कहा कि राजग के शासनकाल में अयोध्या में भव्य श्रीराम मंदिर का निर्माण हुआ, माता जानकी का मंदिर का शिलान्यास हो गया। उन्होंने कहा कि अयोध्या से जनकपुर तक सड़क का निर्माण होगा। महिलाओं को स्वाबलंबी बनाने के लिए दस-दस हजार रुपये दिए गये हैं।
