
नई दिल्ली, 05 नवम्बर 2025: सूडान के उत्तरी दारफुर क्षेत्र में रैपिड सपोर्ट फोर्सेस नामक सशस्त्र समूह के कब्जे के बाद हालात लगातार बिगड़ रहे हैं। संयुक्त राष्ट्र की मानवीय सहायता एजेंसी (ओसीएचए) ने बताया कि राजधानी अल-फशेर, टीना और वाना पहाड़ी इलाकों में रविवार को कई हवाई और ड्रोन हमलों की खबरें मिलीं। स्थानीय लोगों ने इन हमलों में आम नागरिकों की मौत की बात कही है, हालांकि संपर्क न हो पाने के कारण आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।
सोमवार को विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के महानिदेशक टेड्रोस अदनोम घेब्रेयेसस ने उत्तरी दारफूर के केर्नोई बाल चिकित्सा एवं प्रसूति अस्पताल पर हुए हमले की कड़ी निंदा की। इस हमले में चार लोगों की मौत और तीन के घायल होने की पुष्टि हुई। WHO महानिदेशक ने तत्काल अस्पतालों और स्वास्थ्य सेवाओं पर हमलों को बंद करने की अपील की है। ओसीएचए ने यह भी बताया कि सूडान के कोर्डोफान क्षेत्र में भी सुरक्षा स्थिति खराब हो चुकी है।
ओसीएचए ने कहा कि हालाँकि स्थिति बहुत जोखिम भरी है, फिर भी संयुक्त राष्ट्र और उससे जुड़े संगठन जरूरतमंद लोगों तक राहत पहुँचाने की कोशिश कर रहे हैं। वे कुपोषित बच्चों के लिए पौष्टिक आहार और गर्भवती महिलाओं के लिए मोबाइल क्लीनिकों के माध्यम से सुरक्षित प्रसव की व्यवस्था करने का प्रयास कर रहे हैं। संयुक्त राष्ट्र ने सभी पक्षों से लड़ाई तुरंत बंद करने, आम नागरिकों को नुकसान न पहुँचाने और अंतरराष्ट्रीय मानवीय कानूनों का पालन करने की अपील की है।
