सतना: रेलवे स्टेशन रोड पर काबिज अतिक्रमण के चलते यातायात में आ रही बाधा को देखते हुए नगर निगम के अतिक्रमण दस्ते द्वारा मंगलवार को कार्रवाई की गई. इस दौरान 21 दुकानदारों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए सडक़ पर मौजूद सामान को जब्त कर लिया गया.अतिक्रमण दस्ता प्रभारी नगर निगम अरविंद प्रताप सिंह से प्राप्त जानकारी के अनुसार दस्ते द्वारा मंगलवार को स्टेशन रोड पर बड़ी कार्रवाई की गई.
इस दौरान उन दुकानदारों का सामान जब्त किया गया जिन्होंने अपना सामान अपनी-अपनी दुकान के सामने सडक़ पर रखा गया था. पूर्व में कई बार चेतावनी दिए जाने के बावजूद भी जब दुकानदारों ने अपना सामान नहीं हटाया तो मंगलवार को अतिक्रमण दस्ते ने बाहर रखे गए सामान को जब्त करने की कार्रवाई शुरु की. अतिक्रमण प्रभारी के अनुसार मंगलवार को की गई कार्रवाई में सडक़ पर रखे गए आधा दर्जन बोर्ड, 4 एलपीजी सिलेंडर, 37 गमछे, 4 कैरेट, 22 छोटे-बड़े टायर, छोटे पाइप 3 बंडल, गुमटी, डिलेवरी पाइप, 2 डिब्बा पेंट, 2 सीढ़ी, 2 लपेटा पाइप, 2 सेक्शन पाइप और 1 ड्रम जैसे सामान को जब्त किया गया.
