ब्रिटेन में शरण के लिए 2024 में रिकॉर्ड संख्या में आवेदन आए : रिपोर्ट

यूनाइटेड किंगडम, 04 नवंबर (वार्ता) ब्रिटेन में वर्ष 2024 में शरण लेने के लिये 1,08,000 आवेदन प्राप्त हुए, जो 1979 में रिकॉर्ड संख्या शुरू होने के बाद से अब तक का सबसे अधिक आंकड़ा है।आर्थिक सहयोग और विकास संगठन (ओईसीडी) के हवाले से द टाइम्स अखबार ने यह जानकारी दी है।

रिपोर्टों के अनुसार 2024 में शरण प्राप्त करने वाले आवेदनों की संख्या 2023 की तुलना में 28 प्रतिशत अधिक है। ओईसीडी के आंकड़ों के अनुसार प्रवासियों ने 2024 में ब्रिटेन में अवैध रूप से प्रवेश करने के 44,000 प्रयास किए, जिनमें से अधिकांश इंग्लिश चैनल पार करके आए थे। वर्ष 2023 में यह संख्या 37,000 थी।

रिपोर्ट के अनुसार पाकिस्तानी नागरिकों से 10,000 से अधिक शरण आवेदन आए जबकि अफगानिस्तान और ईरान के नागरिकों से आठ -आठ हजार से अधिक आवेदन आए।

वर्ष 2021 के बाद से ब्रिटेन में प्रवासन में उल्लेखनीय वृद्धि देखी गई है, जो मुख्य रूप से ब्रेक्सिट के बाद गैर-यूरोपीय संघ प्रवासियों की संख्या में वृद्धि के कारण है।

राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय के अनुसार जून 2023 को समाप्त हुये वर्ष में ब्रिटेन में कुल प्रवासन आंकड़ा 906,000 के शिखर पर पहुंच गया और जून 2024 को समाप्त हुये वर्ष में लगभग 20 प्रतिशत घटकर 728,000 रह गया। ब्रेक्सिट से पहले यह आंकड़ा लगभग 250,000 व्यक्ति प्रति वर्ष था।

 

 

 

Next Post

नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाला लिपिक गिरफ्तार

Tue Nov 4 , 2025
रीवा। न्यायालय में नौकरी दिलाने के नाम पर पैसे की ठगी करने वाले लिपिक को सिरमौर पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया. जबलपुर से जारी विज्ञापन में नौकरी दिलाने के लिये ठगी की गई थी. फरियादी की शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी को धरदबोचा. पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र […]

You May Like