

पचमढ़ी: पचमढ़ी में आयोजित जिला कांग्रेस अध्यक्षों के संगठन सृजन प्रशिक्षण शिविर के दूसरे दिन की शुरुआत सोमवार सुबह ध्वजारोहण समारोह से हुई। इसके बाद प्रशिक्षक अरुण शर्मा के मार्गदर्शन में सभी प्रतिभागियों ने सामूहिक योग और शारीरिक व्यायाम सत्र में भाग लिया।
आज के प्रशिक्षण दिवस में पार्टी की वैचारिक और संगठनात्मक नींव को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से तीन प्रमुख विषयगत सत्र आयोजित किए गए।
पहला सत्र “धर्मनिरपेक्षता और सद्भाव” विषय पर विधायक एवं एआईसीसी सचिव काज़ी निज़ामुद्दीन ने संचालित किया। उन्होंने कहा कि भारत और कांग्रेस पार्टी की आत्मा एकता, सद्भाव और विविधता में विश्वास पर आधारित है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे इन मूल्यों को राजनीतिक और सामाजिक कार्यों में जीवित रखें।
दूसरा सत्र “संगठन निर्माण की प्रक्रिया” विषय पर सांसद शशिकांत सेंथिल ने संबोधित किया। उन्होंने कांग्रेस संगठन को ग्राम स्तर तक मज़बूत करने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की और जनसंपर्क को संगठन की रीढ़ बताते हुए जनता के मुद्दों से सीधे जुड़ने की आवश्यकता पर बल दिया।
तीसरे सत्र “मध्य प्रदेश सरकार की विफलताएं, जनहित के मुद्दे और कांग्रेस की आगामी रणनीति” में विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों की तीखी आलोचना की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे जनता के बीच जाकर कांग्रेस की नीतियों, कार्यक्रमों और संकल्पों को मजबूती से प्रस्तुत करें।
शाम को आयोजित अंतरसंवाद सत्र में जिला स्तर पर संगठनात्मक अनुभवों और सुझावों का आदान-प्रदान किया गया।
यह प्रशिक्षण शिविर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देशन में आयोजित किया गया है, जिसका उद्देश्य प्रदेश कांग्रेस संगठन को नई ऊर्जा, दिशा और रणनीतिक क्षमता प्रदान करना है।
