श्रीकृष्ण लीला से गुंजा अनगढ़ हनुमान मंदिर, छठे दिवस की कथा में भक्त हुए भावविभोर

सिलवानी। नगर के बजरंग चौराहा स्थित अनगढ़ हनुमान मंदिर प्रांगण में चल रही सप्तदिवसीय श्रीमद्भागवत कथा महापुराण के छठे दिवस पर श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। कथा व्यास पंडित संजय शास्त्री ने भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं का दिव्य वर्णन करते हुए उपस्थित भक्तों को भक्ति और प्रेम के सागर में गोता लगवाया।

पंडित शास्त्री ने कहा कि जीव और ब्रह्म का मिलन ही महारस है। जब मनुष्य अपने भीतर के अहंकार का त्याग करता है, तभी वह ईश्वर से एकाकार होता है। उन्होंने गोपी प्रेम की महिमा बताते हुए कहा कि भक्ति ही वह सेतु है जो मनुष्य को भगवान तक पहुंचाती है। श्रीकृष्ण लीला का श्रवण करने से मनुष्य के सारे पाप नष्ट हो जाते हैं और हृदय निर्मल होता है।

कथा व्यास ने कहा कि सात्विक आहार से विचारों की पवित्रता आती है। सात्विक जीवन अपनाने वाला मनुष्य मानसिक और आध्यात्मिक रूप से उन्नति करता है।

कथा प्रसंग में भगवान श्रीकृष्ण और रुक्मणी विवाह की लीलाओं ने भक्तों को भावविभोर कर दिया। शास्त्री ने बताया कि रुक्मणी स्वयं लक्ष्मी स्वरूपा हैं और नारायण से अलग नहीं रह सकतीं। भगवान श्रीकृष्ण द्वारा रुक्मणी हरण और विवाह का प्रसंग प्रेम, साहस और भक्ति का प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि जब जीव में अभिमान आता है तो भगवान दूर हो जाते हैं, लेकिन जब वह विरह में तड़पता है तो श्रीकृष्ण उस पर अनुग्रह करते हैं। कथा में श्रीकृष्ण और रुक्मणी सहित अन्य विवाह प्रसंगों का भी उल्लेख किया गया।

भक्ति गीतों और कीर्तन से मंदिर परिसर गूंज उठा। बड़ी संख्या में श्रद्धालु कथा श्रवण के लिए उपस्थित रहे और भक्ति रस में झूम उठे। कथा समापन दिवस पर हवन-पूजन एवं प्रसाद वितरण का आयोजन किया जाएगा।

Next Post

ऋत्विक संजीव और मानसी ने जीता मैंगलोर इंडिया इंटरनेशनल चैलेंज का खिताब

Sun Nov 2 , 2025
मैंगलोर, 02 नवंबर (वार्ता) भारत के ऋत्विक संजीव और मानसी सिंह ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए रविवार को मैंगलोर इंडिया इंटरनेशनल चैलेंज 2025 बैडमिंटन टूर्नामेंट में क्रमशः पुरुष और महिला एकल वर्ग के खिताब जीते। आज यहां उरवा इंडोर स्टेडियम में 22 वर्षीय ऋत्विक संजीव ने पुरुष एकल […]

You May Like

मनोरंजन