
इंदौर. सूरज नगर इलाके में शादी समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग का वीडियो सामने आने पर खजराना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया है.
खजराना थाने में पदस्थ आरक्षक प्रदीप सूर्यवंशी को एक वीडियो मिला था, जिसमें सूरज नगर में आयोजित बारात के दौरान एक युवक को बंदूक से फायर करते देखा गया. वीडियो की जांच और तस्दीक करने पर युवक की पहचान पृथ्वीसिंह निवासी सूरज नगर के रूप में हुई. सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है. बताया गया कि फायरिंग लाइसेंस प्राप्त हथियार से नहीं की गई थी. पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी और हथियार की बरामदगी के प्रयास कर रही है.
