नयी दिल्ली 01 नवंबर (वार्ता) सनत सांगवान (99), सुमित माथुर (नाबाद 49) और प्रियांश आर्य (40) की जूझारू बल्लेबाजी के दम पर दिल्ली ने रणजी ट्रॉफी एलीट ग्रुप डी के पहले दिन के मुकाबले में शनिवार को पुड्डुचेरी के खिलाफ स्टंप के समय छह विकेट पर 248 रन बना लिये है।
आज यहां टॉस जीतकर पुड्डुचेरी ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी दिल्ली की शुरुआत खराब रही और उसने दूसरे ही ओवर में अर्पित राणा (शून्य) का विकेट गंवा दिया। इसके बाद बल्लेबाजी करने आये कप्तान यश ढुल (19) रन बनाकर पवेलियन लौट गये। प्रियांश आर्य ने सनत सांगवान के साथ पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाजों के बीच तीसरे विकेट के लिए 64 रनों की साझेदारी हुई। 31वें ओवर में जयंत यादव ने प्रियांश आर्य (40) को आउटकर इस साझेदारी को तोड़ा। आयुष दोसेजा (17) चौथे विकेट के रूप में आउट हुये। 73वें ओवर में शतक से मात्र एक रन दूर सनत सांगवान को अबिन मैथ्यू ने अपना शिकार बनकर दिल्ली को बड़ा झटका दिया। सनत सांगवान ने 230 गेंदों में नौ चौकों की मदद से 99 रन बनाये। अनुज रावत (पांच) को जयंत यादव ने आउट किया। पहले दिन का खेल समाप्त होने के समय दिल्ली ने छह विकेट पर 248 रन बना लिये थे। सुमित माथुर (नाबाद 49) और ऋतिक शौकीन (नाबाद 11) क्रीज पर मौजूद थे।
पुड्डुचेरी के लिए अबिन मैथ्यू ने तीन और जयंत यादव ने दो विकेट लिये। अमन खान ने एक बल्लेबाज को आउट किया।

