भोपाल: मध्यप्रदेश के 70वें स्थापना दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को रविंद्र भवन में आयोजित भव्य समारोह में अभ्युदय मध्यप्रदेश कार्यक्रम के अंतर्गत तैयार मध्यप्रदेश @ 2047 दृष्टि पत्र का अनावरण और विमोचन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश @ 2047 दृष्टि पत्र राज्य की विकास यात्रा को नई दिशा देने वाला दस्तावेज है, जो प्रदेश को अगले 25 वर्षों में आत्मनिर्भर, विकसित और समृद्ध राज्य के रूप में स्थापित करने का मार्ग प्रशस्त करेगा।
उन्होंने कहा कि यह दृष्टि पत्र प्रदेश की जनता के सपनों, युवाओं की ऊर्जा और सरकार की संकल्पशक्ति का समन्वय है।मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि इस दृष्टि पत्र के माध्यम से प्रदेश को कृषि, उद्योग, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में नए आयाम प्राप्त होंगे। उन्होंने सभी नागरिकों से प्रदेश के विकास में भागीदारी का आह्वान करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश @ 2047 केवल सरकार का नहीं, बल्कि पूरे समाज का साझा संकल्प है।
