इंदौर: शहर में गुरुवार शुक्रवार दरमियानी रात आग की दो बड़ी घटनाओं ने शहर को दहला दिया. गीताभवन क्षेत्र में एक कैफे में भीषण आग के बीच सिलेंडर फटने से जोरदार धमाका हुआ, जबकि मल्हारगंज में एक फ्लैट में आग लगने से घरेलू सामान जलकर खाक हो गया. गनीमत रही कि दोनों घटनाओं में कोई जनहानि नहीं हुई.फायर ब्रिगेड के मुताबिक रात करीब 2:15 बजे गीताभवन मंदिर के पास स्थित कैफे में आग लगने की सूचना मिली.
मौके पर पहुंची दमकल टीम आग बुझाने में जुटी ही थी कि अंदर रखा गैस सिलेंडर फट गया, जिससे इलाके में अफरा तफरी मच गई. आग इतनी तेज थी कि कैफे का पूरा शेड और अंदर रखा सामान जलकर राख हो गया. करीब दो टैंकर पानी डालकर आग पर काबू पाया गया. सूचना मिलते ही पलासिया थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया. इसी दौरान मल्हारगंज के गोपाल चौराहे के पास स्थित एक फ्लैट में भी आग भड़क उठी. फ्लैट में किराए से रहने वाला बंसल परिवार समय रहते बाहर निकल गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया. आग में घर का अधिकांश सामान जल गया. दमकल टीम ने करीब 10 हजार लीटर पानी डालकर आग पर काबू पाया. दोनों ही मामलों में आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है.
