बरेठिया-नागौद के बीच 120 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ी ट्रेन

सतना : बहुप्रतीक्षित ललितपुर-सिंगरौली रेल लाइन के अंतर्गत के निर्माणाधीन सतना-पन्ना रेलखण्ड पर सतना से बरेठिया तक का स्पीड ट्रायल रन पहले ही पूरा हो चुका था. इसी कड़ी में शुक्रवार को बरेठिया से नागौद तक 120 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से ट्रेन को दौड़ाने का ट्रायल भी सफल रहा. स्पीड ट्रायल से संबंधित रिपोर्ट को सीआरएस द्वारा मुख्यालय को सौंपा जाएगा.रेल संरक्षा आयुक्त स्पेशल ट्रेन शुक्रवार की सुबह सतना पहुंची.

जहां से डिप्टी सेफ्टी ऑफिसर और मंडल रेल प्रबंधक सहित मंडलीय और मुख्यालय के रेल अधिकारी बरेठिया-नागौद रेल मार्ग का निरीक्षण करने के लिए निकल पड़े. रेल अधिकारियों की यह टीम सुबह 9 बजे बरेठिया पहुंच गई. जहां पर कुछ देर तक रुकने के बाद बरेठिया-नागौद के 12 किमी लंबे रेलखण्ड का स्पीड ट्रायल शुरु किया गया. स्पीड ट्रायल के लिए 11 कोच से युक्त सीआरएस स्पेशल ट्रेन का उपयोग किया गया.

इस  ट्रायल के दौरान बरेठिया से नागौद के बीच अधिकतम 120 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से ट्रेन चलाकर ट्रैक की संरक्षा को जांचा गया. चूंकि फिलहाल इस रुट पर विद्युतीकरण का कार्य नहीं हुआ है. जिसके चलते शुक्रवार को स्पीड ट्रायल डीजल इंजन के जरिए पूरा किया गया. दिन भर रेल खण्ड की संरक्षा से संबंधित सभी पहलुओं की जांच करने के बाद शाम के 5:45 बजे सीआरएस स्पेशल ट्रेन सतना लौट आई. जिसके बाद मुख्यालय और मंडलीय रेल अधिकारी जबलपुर की ओर रवाना हो गए. गौरतलब है कि सतना से बरेठिया तक के 18 किमी रेल लाइन का निर्माण और परीक्षण पहले ही पूरा हो चुका है. सतना से बरेठिया के बीच साल भर पहले 110 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से स्पीड ट्रायल को सफलतापूर्वक पूरा किया जा चुका है.
  एनएसजी-6 श्रेणी में शामिल
सतना-पन्ना के बीच 73.55 किमी की दूरी तय करने वाली रेल लाइन के पूरा होने को लेकर क्षेत्र के रहवासी बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. जिसमें से सतना से बरेठिया तक की 18 किमी और बरेठिया से नागौद तक की 12 किमी रेल लाइन का निर्माण और स्पीड ट्रायल का कार्य पूरा हो चुका है. बताया गया कि इस रूट पर पडऩे वाले करही और बरेठिया रेलवे स्टेशन को एनएसजी-6 की श्रेणी में शामिल किया गया है. जिसके चलते जल्द ही वहां पर आरक्षित और अनारक्षित टिकट काउंटर, प्रतीक्षालय सहित दिव्यांगों के लिए रैंप जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध होंगी

Next Post

जिला अस्पताल का हुआ एनक्यूएएस असेसमेंट

Sat Nov 1 , 2025
सतना:नेशनल क्वालिटी एश्युरेंस स्टैंडर्ड्स के मानकों के आधार पर जिला चिकित्सालय का शुक्रवार को असेसमेंट किया गया. जिसके अंतर्गत तीन असेसर्स द्वारा जिला चिकित्सालय की विभिन्न व्यवस्थाओं की बारीकी से जांच की गई.डॉ. राघवेंद्र चौधरी और डॉ. अमित प्रकाश चौधरी दमोह और नर्सिंग ऑफिसर  श्रीमती विनीता सोनी द्वारा शुक्रवार को […]

You May Like