गोपाल मंदिर क्षेत्र का होगा कायाकल्प, प्रभावितों को मिलेंगी नई दुकानें

उज्जैन: गोपाल मंदिर क्षेत्र में प्रस्तावित चौड़ीकरण और विकास कार्यों के तहत, रीगल टॉकीज की ज़मीन पर एक नया और भव्य कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स और पार्किंग स्थल बनाने की योजना है. इस योजना से प्रभावित होने वाले दुकानदारों को नई दुकानें दिए जाने पर मोहर लगा दी गई है.नवभारत ने रीगल टॉकीज, छत्री चौक गोपाल मंदिर के आसपास चौड़ीकरण और नए कॉम्प्लेक्स के निर्माण को लेकर प्रमुखता से खबर प्रकाशित की थी, जिसमें क्षेत्रीय दुकानदारों व्यापारियों के दर्द को भी बयां किया था कि चौड़ीकरण और नए निर्माण की वजह से दुकान खाली करना पड़ रही है तो इनका रोजगार प्रभावित होगा. ऐसे में नगर निगम ने इस खबर पर संज्ञान लिया है और आसपास क्या है कि व्यापारियों को नई दुकान दी जाएगी.
मुख्यमंत्री ने भी कहा था व्यापारियों का रखेंगे ध्यान
इस महत्वपूर्ण परियोजना का भूमिपूजन मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 27 अगस्त को किया था. कार्यक्रम में उन्होंने कहा था कि इस नए निर्माण के बाद गोपाल मंदिर चौक का क्षेत्रफल दोगुना हो जाएगा, जिससे बाबा महाकाल की सवारी, सिंहस्थ की पेशवाई, और हरि-हर मिलन जैसे बड़े आयोजनों के दौरान भीड़ प्रबंधन आसान होगा और नागरिकों को अधिक सुविधा मिलेगी. मुख्यमंत्री ने यह भी आश्वस्त किया था कि इस योजना में रोजी-रोटी कमाने वालों (दुकानदारों) को भी ध्यान में रखा गया है, और उनके लिए उचित व्यवस्था की जाएगी.
3600 वर्ग फीट जमीन, 26 करोड़ से निर्माण
यह विकास कार्य लगभग 3600 वर्ग फीट ज़मीन पर 26 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से किया जाएगा. नए व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स में नई दुकानें बनाई जाएंगी, जिनमें पूर्व के प्रभावित दुकानदारों का पुनर्वास किया जाएगा.
योजना पर एक नजर
उक्त कॉम्प्लेक्स में दो बेसमेंट पार्किंग का निर्माण होगा, जिसमें एक साथ 92 चारपहिया और 70 दोपहिया वाहन पार्क किए जा सकेंगे. प्रस्तावित कॉम्प्लेक्स में ग्राउंड फ्लोर पर 28 दुकानें और पहली मंजिल पर 8 दुकानें व 9 शोरूम/ऑफिस बनाए जाएंगे. निर्माण के बाद 14,000 वर्ग फीट की खुली भूमि उपलब्ध होगी, जिसका उपयोग धार्मिक सवारियों और सांस्कृतिक आयोजनों के लिए किया जा सकेगा.
पुराने शहर में आधुनिक सुविधा
रीगल टॉकीज, छत्री चौक, और गोपाल मंदिर के आस-पास के क्षेत्र में होने वाले इस निर्माण से उज्जैन का बुनियादी ढांचा मजबूत होगा और यह शहर धार्मिक, सांस्कृतिक नगरी के साथ-साथ आधुनिक सुविधाओं से लैस शहर भी बन सकेगा. नगर निगम में आज अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से चर्चा करने के लिए प्रभावित दुकानदार और क्षेत्रीय व्यापारी मिलने के लिए जाएंगे.

Next Post

स्लीपर फैक्ट्री में मजदूर की मौत

Fri Oct 31 , 2025
ग्वालियर: आंतरी कस्बे में स्थित रेलवे स्लीपर फैक्ट्री में मजदूर की मौत हो गई। मजदूर के ऊपर भारी भरकम सीमेंट से बना स्लिपर गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद एकत्र हुए ग्रामीण और मजदूर के परिजन ने आरोप लगाया कि फैक्ट्री में बिना सुरक्षा इंतजामों के मजदूरों […]

You May Like

मनोरंजन