
सिंगरौली। राष्ट्रीय पल्स पोलियो महाअभियान के तहत रविवार को जिले में जिला स्तरीय अभियान का शुभारंभ किया गया। आज पहले दिन 2 लाख 12 हजार में से करीब डेढ़ लाख यानी 69 प्रतिशत नौनिहालों को पल्स पोलियों की दवा पिलाई गई।
जिला चिकित्सालय सह ट्रॉमा सेन्टर बैढ़न में सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह, ननि अध्यक्ष देवेश पांडेय एवं पार्षद संतोष शाह ने 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को पोलियो की जीवनरक्षक दो बूंद पिलाकर अभियान का शुभारंभ किया। सबसे पहले चार वर्षीय कृष्णा वेरी को पोलियो की खुराक पिलाई गई। इस अवसर पर विधायक रामनिवास शाह ने कहा कि प्रत्येक अभिभावक यह सुनिश्चित करें कि पांच वर्ष तक का कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे। स्वस्थ बचपन ही सशक्त भारत की सबसे मजबूत नींव है। उन्होंने सभी नागरिकों से अभियान को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग की अपील की। जिले के अन्य विकासखंडों में भी अभियान का शुभारंभ हुआ। देवसर में स्थानीय सरपंच राजमणि प्रजापति ने बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई, जबकि चितरंगी में विधायक प्रतिनिधि प्रभात सिंह ने पोलियो बूथ का शुभारंभ किया। वही कल 29 एवं 30 जून को स्वास्थ्यकर्मी घर-घर जाकर उन बच्चों को पोलियो की दवा पिलाएंगे। जिला स्तरीय शुभारंभ कार्यक्रम में सिविल सर्जन डॉ. कल्पना रवि, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. पंकज सिंह, जिला कार्यक्रम प्रबंधक सुधांशु मिश्रा, डॉ. राजेश बैस सहित स्वास्थ्य कर्मी मौजूद रहे।
