भारत पेट्रोलियम मुंबई और इंडियन ऑयल मुंबई की टीमें सेमीफाइनल में पहुंची

जालंधर, ( वार्ता ) इंडियन ऑयल मुंबई और भारत पेट्रोलियम मुंबई की टीमें 42वें इंडियन ऑयल सर्वो सुरजीत हॉकी टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में पहुँच गयीं।

ओलंपियन सुरजीत हॉकी स्टेडियम में गुरुवार को आयोजित इस टूर्नामेंट के दो क्वार्टर फाइनल मैच खेले गए।पहला क्वार्टर फाइनल भारत पेट्रोलियम मुंबई और आर्मी इलेवन दिल्ली के बीच खेला गया। हाफ टाइम तक दोनों टीमें बराबरी पर थीं। हाफ टाइम के बाद, चौथे क्वार्टर के 48वें मिनट में आर्मी के आतिश डोडरी ने पेनल्टी स्ट्रोक को गोल में बदलकर स्कोर 1-0 कर दिया। 50वें मिनट में भारत पेट्रोलियम के शाहरुख अली ने फील्ड गोल कर स्कोर 1-1 कर दिया। निर्धारित समय की समाप्ति तक दोनों टीमें 1-1 की बराबरी पर रहीं। भारत पेट्रोलियम मुंबई ने पेनल्टी शूटआउट 3-0 से जीतकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।

दूसरा क्वार्टर फाइनल मुकाबला पंजाब पुलिस जालंधर और पिछले साल की विजेता इंडियन ऑयल मुंबई के बीच खेला गया। खेल के दूसरे और सातवें मिनट में भारतीय हॉकी टीम के कप्तान ओलंपियन हरमनप्रीत सिंह ने दोनों पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर पंजाब पुलिस को 2-0 से आगे कर दिया। हाफ टाइम तक पंजाब पुलिस 2-0 से आगे थी। खेल के 31वें मिनट में इंडियन ऑयल के सुनील यादव ने पेनल्टी स्ट्रोक को गोल में बदलकर स्कोर 1-2 कर दिया। खेल के 35वें मिनट में इंडियन ऑयल के गुरजिंदर सिंह 52वें मिनट में हरमनप्रीत सिंह ने गोल कर स्कोर 3-3 कर दिया। खेल के अगले ही मिनट में इंडियन ऑयल के तलविंदर सिंह ने गोल कर स्कोर 4-3 कर दिया। खेल के आखिरी मिनट में ओलंपियन हरमनप्रीत सिंह ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर स्कोर 4-4 कर दिया और मैच बराबरी पर आ गया। पेनल्टी शूटआउट में इंडियन ऑयल मुंबई ने पंजाब पुलिस जालंधर को 4-3 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।

आज के मैचों के मुख्य अतिथि रमणीक सिंह रंधावा, चेयरमैन जालंधर इम्प्रूवमेंट ट्रस्ट, सरबजीत सिंह समरा (एमडी कैपिटल लोकल एरिया बैंक), प्रवीण सचदेवा (इंडियन ऑयल), बलबीर राज पीसीएस आरटीए थे, जिन्होंने टीमों का परिचय कराया। अब 31 अक्टूबर को पहले सेमीफाइनल में भारतीय रेलवे दिल्ली और इंडियन नेवी मुंबई की टीमें आमने-सामने होंगी, जबकि दूसरे सेमीफाइनल में भारत पेट्रोलियम मुंबई का सामना इंडियन ऑयल मुंबई के बीच खेला जाएगा।

भारतीय नौसेना मुंबई बनाम भारतीय रेलवे दिल्ली का मैच शाम 5-30 बजे और भारत पेट्रोलियम मुंबई बनाम इंडियन ऑयल मुंबई का मैच शाम 7-00 बजे से खेला जाएगा।

 

Next Post

तनुष कोटियान ने झटके चार विकेट, दक्षिण अफ्रीका ए 299/9

Fri Oct 31 , 2025
बेंगलुरु (वार्ता) तनुष कोटियान (चार विकेट) और मानव सुथार (दो विकेट) की अगुवाई में गेंदबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन की बदौलत इंडिया ए ने गुरुवार को पहले अनौपचारिक टेस्ट के पहले दिन स्टंप के समय 299 के स्कोर पर दक्षिण अफ्रीका ए के नाै विकेट झटक कर मैच पर अपनी पकड़ […]

You May Like