इंदौर:शहर के जनरल पोस्ट ऑफिस जीपीओ में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब ऑफिस परिसर में अचानक एक लंबा सांप निकल आया. सांप को देखते ही कर्मचारी अपनी-अपनी कुर्सियों से उछल पड़े और वहां भगदड़ जैसी स्थिति बन गई.घटना की जानकारी मिलते ही चिड़ियाघर प्रशासन को सूचना दी गई, जिसके बाद रेस्क्यू एक्सपर्ट गब्बर नाथ टीम सहित मौके पर पहुंचे. उन्होंने सावधानीपूर्वक सांप को पकड़ा और कुछ ही मिनटों में उसे थैली में सुरक्षित कैद कर लिया.
इस दौरान पोस्ट ऑफिस के अधिकारी और कर्मचारी सांस थामे पूरी कार्रवाई देखते रहे. गब्बर नाथ के सफल रेस्क्यू के बाद सभी ने राहत की सांस ली. बताया जा रहा है कि सांप लंबाई में काफ़ी बड़ा और पतला था, जिसे अब चिड़ियाघर ले जाकर सुरक्षित स्थान पर छोड़ा जाएगा. पोस्ट ऑफिस परिसर में सांप निकलने की यह घटना चर्चा का विषय बनी रही. अधिकारियों ने कहा कि परिसर में अब सुरक्षा और सफाई के अतिरिक्त उपाय किए जाएंगे ताकि ऐसी स्थिति दोबारा न बने.
