बुधनी। जागरुक समाचार पत्र नवभारत की खबर का एक बार फिर असर देखने को मिला है. बुधनी-गडरिया नाला-शाहगंज मार्ग की बदहाल स्थिति और सड़क पर बने जानलेवा गड्ढों को लेकर नवभारत द्वारा लगातार प्रमुखता से खबरों का प्रकाशन किया जा रहा था. एसडीएम संजीव कुमार नागू ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभाग को तत्काल सड़क के गड्ढे भरने के निर्देश दिए.
शुक्रवार को प्रशासन की ओर से मशीनरी और मटेरियल मौके पर भेजा गया, जिसके बाद सड़क पर बने गड्ढों को भरने का काम शुरू कराया गया. प्रशासन की इस कार्रवाई से लंबे समय से बदहाल सड़क से परेशान वाहन चालकों और ग्रामीणों को फिलहाल राहत मिली है. दरअसल, बुधनी-गडरिया नाला-शाहगंज मार्ग पिछले करीब चार माह से खराब स्थिति में था. कई स्थानों पर गड्ढों के कारण दुर्घटना की स्थिति बनी हुई थी. इस गंभीर समस्या को जागरुक समाचार पत्र नवभारत ने लगातार खबरों के माध्यम से जिम्मेदार विभाग और प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया.
सड़क की स्थिति में सुधार नहीं होने पर ग्रामीण ने गड्ढे भरने का निर्णय लिया था. ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सोनू राजपूत ने भी गुरुवार को एसडीएम संजीव कुमार नागू से चर्चा कर सड़क की समस्या जल्द हल करने की मांग की थी.उन्होंने शुक्रवार सुबह 11 बजे तक सड़क की स्थिति में सुधार नहीं होने पर ग्रामीणों के साथ गैर राजनीतिक रूप से सड़क के गड्ढे भरने की बात कही थी.
शुक्रवार को अनेक ग्रामीण गैंती-फावड़े लेकर सड़क पर पहुंच भी गए. ग्रामीणों ने सड़क के किनारे से रेत-गिट्टी एकत्र कर गड्ढे भरने की तैयारी शुरू कर दी. इसी दौरान प्रशासन की ओर से मशीनरी और एक ट्रक मटेरियल मौके पर पहुंच गया और संबंधित विभाग ने गड्ढे भरने का काम शुरू कर दिया. हालांकि ग्रामीणों का कहना है कि गड्ढे भरने से फिलहाल राहत मिली है, लेकिन सड़क की स्थायी और गुणवत्तापूर्ण मरम्मत कराया जाना जरूरी है. जनसहयोग अभियान के दौरान कपिल मल्होत्रा, राकेश यादव, हरीश मालवीय, बसंत सिंह राजपूत, संतोष राजपूत, मुकेश कुशवाहा, प्रवीण चौहान, दिनेश राजपूत, धनराज यादव, अरुण यादव, गौरी यादव, अशोक यादव, मोहित मराठा, अजेश मराठा सहित अनेक ग्रामीण मौजूद रहे।
