
मंदसौर। नई आबादी थाना पुलिस ने सोयाबीन चोरी करने वाली गैंग का पर्दाफाश करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि उसके दो साथी फरार हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 16 क्विंटल 40 किलोग्राम सोयाबीन, जिसकी कीमत करीब 1 लाख 15 हजार रुपए है, तथा वारदात में प्रयुक्त महिंद्रा बोलेरो पिकअप वाहन (कीमत करीब 7 लाख रुपए) जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार 23 अक्टूबर को सीतामऊ फाटक ब्रिज के नीचे बने ब्लॉक से अज्ञात बदमाशों ने सोयाबीन चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। फरियादी की रिपोर्ट पर नई आबादी थाने में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। थाना प्रभारी उप निरीक्षक कुलदीप सिंह राठौर के नेतृत्व में गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की।
पुलिस ने घेराबंदी कर श्रवण पिता रामचंद्र मोगिया (21) निवासी नई आबादी अफजलपुर को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने अपने साथी हंसराज पिता बाबुसिंह उर्फ बाबूलाल मोंगिया और राकेश पिता भोमसिंह मोंगिया, निवासी रंगाराखेड़ी, थाना कानवन जिला धार के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया। दोनों आरोपी फिलहाल फरार हैं।
पुलिस पूछताछ में श्रवण ने जिले के अफजलपुर, सीतामऊ तथा रतलाम जिले के असावती क्षेत्र में भी सोयाबीन और लहसुन चोरी की वारदातों में संलिप्तता बताई। आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी चोरी एवं नकबजनी के प्रकरण दर्ज हैं।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेरसिंह बघेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक जितेंद्र सिंह भास्कर के मार्गदर्शन में की गई।
