आमला: नगर के मुख्य मार्ग अब गड्ढों में तब्दील हो चुके हैं। हवाई पट्टी से लेकर मुंशी चौक तक सड़क की हालत इतनी खराब है कि लोगों का चलना दूभर हो गया है। जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे और उखड़ा हुआ डामर दुर्घटनाओं को न्योता दे रहा है, लेकिन संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधि अब तक मौन हैं।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि वर्षों से वे अच्छी सड़क की मांग कर रहे हैं, पर जनप्रतिनिधियों से केवल आश्वासन ही मिले हैं। कई बार ज्ञापन देने और सोशल मीडिया पर आवाज़ उठाने के बावजूद सुधार के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति की गई।
सड़क की बदहाली से स्कूल जाने वाले बच्चों, दफ्तर आने-जाने वाले कर्मचारियों और बुजुर्गों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बरसात में स्थिति और भी विकट हो जाती है जब सड़कें कीचड़ और पानी से भर जाती हैं। नागरिकों का कहना है कि सत्तापक्ष और विपक्ष दोनों ही जनहित के मुद्दों पर चुप हैं, जिससे राजनीतिक माहौल पर भी सवाल उठ रहे हैं। चुनावों में सड़क और सफाई के वादे किए जाते हैं, लेकिन हकीकत में जनता को सिर्फ गड्ढे ही नसीब हो रहे हैं।
