टीवीएस मोटर्स ने दूसरी तिमाही में बनाया बिक्री, राजस्व और मुनाफे का रिकॉर्ड

बेंगलुरु, 28 अक्टूबर (वार्ता) दुपहिया और तिपहिया वाहन बनाने वाली कंपनी टीवीएस मोटर को चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही (जुलाई-सितंबर) के दौरान एकल आधार पर 906 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ जो पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही के मुकाबले 37 प्रतिशत अधिक है।

कंपनी ने मंगलवार को घोषित वित्तीय परिणामों में बताया कि दूसरी तिमाही में उसका राजस्व, बिक्री और मुनाफा तीनों ऐतिहासिक रिकॉर्ड स्तर पर रहे। कंपनी ने परिचालन राजस्व में 29 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की और यह 11,905 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। इस वृद्धि के पीछे सबसे बड़ी वजह कुल बिक्री (निर्यात सहित) में 23 प्रतिशत की जोरदार बढ़ोतरी रही। कंपनी ने बताया कि तिमाही के दौरान दुपहिया और तिपहिया मिलाकर उसने 15 लाख सात हजार वाहनों की बिक्री की। पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में यह आंकड़ा 12 लाख 28 हजार इकाई रहा था।

मोटरसाइकिलों की बिक्री 20 प्रतिशत बढ़कर 6.73 लाख पर पहुंच गयी। स्कूटरों की बिक्री 30 प्रतिशत बढ़ी और 6.39 लाख दर्ज की गयी। दुपहिया वाहन निर्यात भी 31 फीसदी बढ़कर 3.63 लाख इकाई पर पहुंच गया। तिपहिया वाहनों की कुल बिक्री 41 प्रतिशत बढ़कर 53 हजार इकाई हो गयी।

तिमाही के दौरान इलेक्ट्रिक वाहनों की बिक्री सात प्रतिशत बढ़ी और 80 हजार इकाई रही।

कंपनी ने तिमाही के दौरान चार नये मॉडल लॉन्च किये जिन्हें ग्राहकों की अच्छी सराहना मिली।

 

Next Post

तेजस्वी यादव को सता रहा बिहार विधानसभा चुनाव में हार का भय : धर्मेंद्र प्रधान

Tue Oct 28 , 2025
नयी दिल्ली, 28 अक्टूबर (वार्ता) केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने मंगलवार को कहा कि राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता तेजस्वी यादव को अभी से बिहार विधानसभा चुनाव में हार का भय सताने लगा है, तभी वह केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह पर झूठे आरोप लगाते हुए घबराहट में ‘वोट चोरी’ […]

You May Like