इज़रायल को गाज़ा में एक और संदिग्ध बंधक का शव मिला

यरूशलम, 28 अक्टूबर (वार्ता) इज़रायल को गाजा में बंधक बनाये गये एक और व्यक्ति का शव मिला है। इसे रेड क्रॉस के माध्यम से ताबूत में भेजा गया है और हमास का कहना है कि इसमें गाज़ा में बंधक बनाये गये व्यक्ति का शव है।
बीबीसी की रिपोर्ट के अनुसार इज़रायल रक्षा बल (आईडीएफ) ने कहा कि उसके सैनिक गाज़ा से ताबूत को वापस इज़रायल लाये हैं जहाँ अवशेषों की पहचान के लिए फोरेंसिक जाँच की जाएगी।
रिपोर्ट के अनुसार अगर यह पुष्टि हो जाती है कि ये शव किसी बंधक का हैं, तो हमास अपने पास रखे 28 मृत इज़रायली और विदेशियों में से 16 के अवशेष वापस कर देगा।

उधर इस मामले में हो रही देरी को लेकर इज़रायल ने हमास पर सभी बंधकों के शव को वापस नहीं करने पर अमेरिका, मिस्र, कतर और तुर्की द्वारा मध्यस्थता किए गए युद्धविराम समझौते का उल्लंघन करने का आरोप लगाया है।
फ़िलिस्तीनी सशस्त्र समूह का कहना है कि वह इस समझौते के लिए प्रतिबद्ध है, लेकिन उसे युद्ध के मलबे में दबे अवशेषों को खोजने के लिए मदद की ज़रूरत है। इज़रायल सरकार की प्रवक्ता शोश बेड्रोसियन ने सोमवार दोपहर एक ब्रीफिंग में बताया, “रेड क्रॉस, मिस्र की तकनीकी टीम और हमास के एक व्यक्ति को आईडीएफ की कड़ी निगरानी में गाजा में आईडीएफ की येलो लाइन स्थिति से आगे जाने की अनुमति दी गई है।”
उन्होंने यह भी कहा कि मिस्रवासी “ट्रैक्टर-प्रकार के वाहनों” सहित और भी उपकरण लाएँगे। उन्होंने रविवार को कहा था कि वे तलाशी के लिए दो से तीन उत्खनन मशीनों और इतनी ही संख्या में ट्रकों का इस्तेमाल कर रहे हैं।
रिपोर्टों के अनुसार 10 अक्टूबर को युद्धविराम लागू होने के तुरंत बाद सभी 20 जीवित इज़राइली बंधकों को 250 फ़िलिस्तीनी कैदियों और गाज़ा के 1,718 बंदियों के बदले रिहा कर दिया गया।
इज़रायल ने हमास द्वारा पहले लौटाए गए 13 इज़रायली बंधकों के शवों के बदले 195 फ़िलिस्तीनियों के शव भी सौंप दिए थे। इसके साथ ही दो विदेशी बंधकों के भी शव सौंप दिए थे जिनमें से एक थाई और दूसरा नेपाली था। गाज़ा में अभी भी 11 इज़रायली, एक तंजानियाई और एक थाई बंधक का शव है ।
सुश्री बेड्रोसियन ने कहा, “हमास जानता है कि वे कहाँ हैं और उन्हें वापस घर छोड़ने के अलावा कोई विकल्प नहीं है।”
इससे पहले इज़रायली बंधकों के परिवारों का प्रतिनिधित्व करने वाले समूह ने मांग की थी कि हमास द्वारा सभी शवों को सौंपने के लिए तत्काल कार्रवाई की जाए। इसमें अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की गाजा शांति योजना के दूसरे चरण को स्थगित करना भी शामिल है।समूह ने यह मांग तब की जब इज़रायली मीडिया ने एक इज़रायली सुरक्षा अधिकारी के हवाले से कहा कि ट्रंप प्रशासन सभी बंधकों के न मिलने पर भी दूसरे चरण में आगे बढ़ना चाहता है।

Next Post

लेबनान में संयुक्त राष्ट्र शांति सेना ने इजरायली ड्रोन को मार गिराया

Tue Oct 28 , 2025
बेरूत, 28 अक्टूबर (वार्ता) लेबनान में संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन ने एक इजरायली ड्रोन को मार गिराने का दावा किया है। बीबीसी की रिपोर्ट के अनुसार इजरायली सेना ने कहा कि ड्रोन “नियमित खुफिया जानकारी इकट्ठा करने की गतिविधि” कर रहा था। प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल नदाव शोशानी ने ‘एक्स’ पर […]

You May Like