शिवपुरी: प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह आज शिवपुरी जिले के दौरे पर हैं।इस दौरान सिंह विभिन्न सामाजिक, राजनीतिक व धार्मिक कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। सिंह शिवपुरी में आदिवासियों से संवाद करेंगे। वहीं, दूसरी ओर आवन के आचार्य वाचस्पति शुक्ल संस्कृत वेद पाठशाला की बैठक में भी हिस्सा लेंगे।
पूर्व मुख्यमंत्री ने आज स्व. अतीक अहमद शिवानी के निवास पर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त की।
इसके बाद शिवपुरी से कार द्वारा प्रस्थान किया और कोलारस तहसील के ग्राम कुदौनिया माफी जागीर पहुंचे। यहां वे स्थानीय आदिवासी समुदाय से संवाद करेंगे। इस दौरान क्षेत्रीय विकास और सामाजिक मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। मंगलवार शाम सिंह आवन पहुंचेंगे। यहां वे संकटमोचन हनुमान मंदिर के दर्शन उपरांत आचार्य वाचस्पति शुक्ल संस्कृत वेद पाठशाला की बैठक में शामिल होंगे।
दरअसल, श्री संकट मोचन हनुमान मंदिर व वेद पाठशाला के तत्वधान में आवन में 15 से 17 नवंबर तक तीन दिवसीय वैदिक सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। दिग्विजय सिंह श्री संकट मोचन हनुमान मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष भी हैं। यह ट्रस्ट ही आचार्य वाचस्पति शुक्ल संस्कृत वेद पाठशाला का संचालन करती है। जानकारी के अनुसार इस वैदिक सम्मेलन में सात राज्यों के लगभग 200 वैदिक धर्माचार्य सम्मिलित होंगे। आवन में इस तरह का यह पहला कार्यक्रम होगा। वैदिक सम्मेलन की तैयारियों की रूपरेखा को लेकर समीक्षा बैठक में दिग्विजय सिंह शामिल होंगे। इसके उपरांत सिंह भोपाल के लिए रवाना होंगे।
