सतना :शिकारियों द्वारा 11 केवी विद्युत लाइन से जोडक़र जीआई तारों का संजाल बिछाकर वन्य प्राणियों के शिकार करने की कोशिश उस वक्त नाकाम हो गई जब वन विभाग के कर्मचारी समय रहते मौके पर पहुंच गए और जीआई तार को विद्युत लाइन से अलग कर दिया.वन परिक्षेत्राधिकारी मैहर शुभम दुबे से प्राप्त जानकारी के अनुसार रात्रि गश्त के दौरान मुखबिर के जरिए इस बात की सूचना मिली थी कि कुछ लोग विद्युत करेंट के जरिए वन्य प्राणियों के शिकार की तैयारी कर रहे हैं.
मामले की गंभीरता को देखते हुए सढेरा बीट के पास गश्ती दल पहुंच गया और छानबीन शुरु की. इसी दौरान गश्ती दल ने देखा कि 11 केवी की विद्युत लाइन से जीआई तार को जोड़ते हुए बांस की खूटियों की मदद से तार को जंगल क्षेत्र तक बिछाया गया था. जिससे तारों के इस संजाल में फंसकर वन्य प्राणी मर जाएं. लिहाजा वन अमले के गश्ती दल ने सावधानी बरतते हुए लाइव वायर डिटेक्टर की मदद से तार के कनेक्शन को तुरंत डिस्कनेक्ट करते हुए बड़ी दुर्घटना को टाल दिया गया.
नीलगाय के 3 शिकारी गिरफ्तार
जिला वन अधिकारी वन मंडल सतना मयंक चांदीवाल से प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम गौहारी में वन्य जीव नीलगाय के शिकार की सूचना मिली थी. जिसके आधार पर डाग स्क्वाड के साथ वन अमले द्वारा सर्चिंग की गई. कुत्ता कुछ देर तक सूंघने के बाद कल्लू कोल के घर में घुस गया. जहां पर काले रंग की पॉलीथीन से मांस बरामद हुआ. पूछताछ में कल्लू ने नीलगाय के शिकार की घटना स्वीकारते हुए दिनेश कोल और सियाचरण चौधरी की संलिप्तता की जानकारी दी. जिसके आधार पर उन्हें भी दबोच लिया गया. आरोपियों के पास से शिकार में उपयोग किए गए बिजली के तार हथियार और खंूटी को भी बरामद कर लिया गया.
