
जबलपुर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि जबलपुर संस्कृति, संस्कार और शिक्षा की त्रिवेणी है, जो महाकौशल और नर्मदा की कृपा से समृद्ध है। उन्होंने महाकौशल ऑटोनॉमस कॉलेज में 28 करोड़ 33 लाख रुपए के चार और 23 करोड़ 28 लाख रुपए के दो विकास कार्यों का भूमि-पूजन और लोकार्पण किया। इनमें नवीन कॉलेज भवन, प्रयोगशालाएं, पर्यावरण अनुकूल निर्माण और डिजिटल शिक्षा की सुविधा शामिल है।
मुख्यमंत्री ने युवाओं को रोजगारपरक शिक्षा लेने, स्टार्टअप और नवाचार में भाग लेने और टेक्नोलॉजी व एआई में दक्ष बनने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के स्कूल और कॉलेज केवल डिग्री नहीं, बल्कि शिक्षा के मंदिर बनें। 22 मेधावी विद्यार्थियों, शिक्षकों, समाजसेवियों, महिला सशक्तिकरण और खेल क्षेत्र की प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया।
साथ ही, जनजातीय किसानों के हित में कोदो-कुटकी उपार्जन, शून्य प्रतिशत ब्याज पर फसल ऋण और सामाजिक कल्याण की योजनाओं की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने युवाओं को आइडिया लाने और फंड लेने के लिए प्रेरित किया, ताकि मध्यप्रदेश में शिक्षा, नवाचार और विकास का नया युग शुरू हो।
